हरियाणा के जींद जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले 27 वर्षीय स्टार कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल उर्फ चेतन का 19 अगस्त की सुबह अचानक निधन हो गया। परिजनों के अनुसार, सुबह घर पर ही मोहित की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। आनन-फानन में परिजन उन्हें पास के अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया और मौत की वजह दिल का दौरा (हार्ट अटैक) बताया।

जींद के नंदगढ़ गांव के रहने वाले मोहित दलाल ने महज 10 साल की उम्र में कबड्डी के मैदान पर कदम रख दिया था। गांव के पूर्व पहलवान प्रकाश की देखरेख में उन्होंने स्टेडियम में पसीना बहाना शुरू किया। समय के साथ उनकी फुर्ती और शानदार रेडिंग तकनीक ने उन्हें सर्कल कबड्डी का बड़ा नाम बना दिया। हरियाणा और पंजाब के लगभग हर बड़े टूर्नामेंट में उन्होंने दर्जनों बार ‘बेस्ट रेडर’ का खिताब अपने नाम किया। शीलू बल्हारा जैसे नामचीन खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने वाले मोहित की तेजी और सटीक टाइमिंग का लोहा उनके प्रतिद्वंद्वी भी मानते थे।

मोहित की पहचान सिर्फ घरेलू स्तर तक सीमित नहीं रही। अपनी बेहतरीन खेल शैली के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का परचम लहराया। वे दुबई, कनाडा और इंग्लैंड में आयोजित कई बड़े कबड्डी कप में खेले और अपनी टीम को खिताबी जीत दिलाई। विदेशों से जीतीं ट्रॉफियां उनके स्वर्णिम करियर की गवाही देती हैं। अचानक हुए इस हादसे से उनके प्रशंसकों और खेलप्रेमियों को गहरा झटका लगा है।

हाल ही में मैच के दौरान मोहित के पैर में गंभीर चोट लग गई थी, जिसके लिए उनका ऑपरेशन हुआ था। सर्जरी के बाद वे तेजी से रिकवर हो रहे थे और दोबारा मैट पर लौटने के लिए उन्होंने अभ्यास भी शुरू कर दिया था। परिवार और साथियों को पूरी उम्मीद थी कि मोहित जल्द ही एक बार फिर विरोधियों को छकाते हुए मैदान पर नजर आएंगे, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। अविवाहित मोहित के जाने से पूरे नंदगढ़ गांव और कबड्डी जगत में सन्नाटा पसरा हुआ है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!