Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जींद: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 23.43 लाख हड़पे- पुलिस ने किया मामला दर्ज

हरियाणा के जींद में भाई बहन को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर फर्जी रोल नंबर और कोड भेजकर 23 लाख 43 हजार रुपए हड़पने के मामले में थाना सदर पुलिस जलालपुर कलां के अनिल कुमार के खिलाफ धोखाधडी, अमानत में ख़यानत का केस दर्ज किया है। आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जींद के गांव जलालपुरा कलां निवासी सत्यवान ने सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गांव के ही अनिल से पुरानी जान पहचान थी। अनिल ने उसको बताया था कि उसकी अधिकारियों और सरकार में अच्छी पकड है। वह उसके बच्चों को नौकरी लगवा देगा। वर्ष 2019 में अपने बेटे सोमबीर और बेटी पिंकी को सरकारी नौकरी लगवाने के लिए कहा। इसके लिए उसने लाखों रुपए की डिमांड की।

सत्यवान ने बताया कि बच्चों को नौकरी लगवाने के लिए उसने अनिल को पहले 18 लाख रुपए दिए। उसने और पैसों को डिमांड की। इसके बाद उसने अनिल को 5 लाख 43 हजार रुपए और दिए। इसके बाद अनिल ने दोनों के फर्जी रोल नंबर और उनके कोड भी भेजे। इसके बाद दोनों का नौकरी में चयन नहीं हुआ। पूछे जाने पर अनिल ने बताया कि बेटी पिंकी का बैंक खाता नहीं था। उसके बेटे सोमबीर का वजन कम होने के कारण लिस्ट में नंबर नहीं आया।

अनिल ने दोबारा से नौकरी दिलाने की बात कही। फिर से दोनों की फर्जी रोल नंबर और कोड भेज दिए गए। बावजूद इसके पिंकी तथा सोमबीर का सलेक्शन नही हुआ। जब उसने अनिल पर राशि देने के लिए दबाव बनाया तो उसने दिए गए 23 लाख 43 हजार रुपए लौटाने से मना कर दिया। साथ में बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी।

सदर थाना के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि सत्यवान की शिकायत पर जलालपुर कलां के अनिल के खिलाफ नौकरी लगवाने का झांसा देकर राशि हड़पने के आरोप में कस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

Exit mobile version