Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जापान में चमकेगा झज्जर का निशाना, मनु भाकर और सुरुचि फोगाट भारतीय शूटिंग टीम में दिखाएंगी दम

झज्जर। जापान में होने वाले 20वें एशियाई खेल 2026 में हरियाणा के झज्जर जिले की दो बेटियां भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी। ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर और युवा निशानेबाज सुरुचि फोगाट को भारतीय शूटिंग दल में जगह मिली है। दोनों के चयन से झज्जर सहित पूरे हरियाणा के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से होने वाले एशियाई खेलों में दोनों निशानेबाज अपने सधे हुए निशाने से देश के लिए पदक जीतने की चुनौती पेश करेंगी। एक ही जिले की दो खिलाड़ियों का भारतीय शूटिंग टीम में चयन झज्जर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

मनु भाकर झज्जर के गोरिया गांव की रहने वाली हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी मनु से इस बार भी देश को बड़ी उम्मीदें रहेंगी। वहीं, सासरौली गांव की सुरुचि फोगाट ने कम उम्र में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय शूटिंग में अपनी अलग पहचान बनाई है।

खास बात यह है कि मनु और सुरुचि के गांवों के बीच करीब 10 किलोमीटर की दूरी है। दोनों निशानेबाजों ने अपने शुरुआती दौर में झाड़ली शूटिंग अकादमी से निशानेबाजी की बारीकियां सीखी थीं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचीं दोनों बेटियां अब जापान में झज्जर और हरियाणा के साथ पूरे देश का मान बढ़ाने उतरेंगी।

Exit mobile version