Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

झज्जर का अग्निवीर जम्मू-कश्मीर में गोली लगने से शहीद: डेढ़ साल पहले हुई थी भर्ती: एक महीना पहले छुट्‌टी काटकर लौटे थे, आज पैतृक घर पहुंचेगी पार्थिव देह

हरियाणा के झज्जर जिले के अग्निवीर की जम्मू-कश्मीर के बारामूला में मौत हो गई। बताया जा रहा कि 23 अप्रैल को अग्निवीर को प्रैक्टिस के दौरान गोली लगी। हालांकि उन्हें अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अग्निवीर नवीन जाखड़ गांव साल्हावास के रहने वाले थे। उनका पार्थिव शरीर आज पैतृक गांव लाया जाएगा। जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद पिता की तबीयत बिगड़ गई है।

20 वर्षीय नवीन जाखड़ 12वीं पास करने के बाद करीब डेढ़ साल पहले ही सेना में अग्निवीर योजना के तहत भर्ती हुए थे। नवीन के साथ ही उनका बड़ा भाई लोकेश जाखड़ भी भर्ती हुआ था। लोकेश भी जम्मू-कश्मीर के बारामूला के पास ही तैनात है।

नवीन के पिता अजय जाखड़ खेतीबाड़ी करते हैं। वहीं माता कविता देवी हाउस वाइफ हैं। करीब एक महीना पहले ही नवीन छुट्‌टी काटकर ड्यूटी पर लौटे थे।

भाई ने चाचा और ताऊ को फोन कर दी जानकारी जानकारी के मुताबिक 23 अप्रैल को घटना की जानकारी भाई लोकेश को मिल गई थी। इसके बाद लोकेश ने घर पर ताऊ विजय और चाचा कुलदीप को फोन कर सूचना दी। उन्होंने माता और पिता को जानकारी दी। इसके बाद नवीन का बड़ा भाई छुट्टी लेकर गुरुवार शाम को घर पहुंचा। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सेना के जवान नवीन जाखड़ का पार्थिव शरीर लेकर आ रहे हैं।

Exit mobile version