Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

झज्जर के ASI ने चंडीगढ़ में की आत्महत्या, भतीजी की शादी के लिए मांगी थी एक महीने की छुट्टी

झज्जर/चंडीगढ़। झज्जर पुलिस में तैनात एक ASI ने चंडीगढ़ में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि ASI ने अपनी भतीजी की शादी के लिए करीब एक महीने की छुट्टी मांगी थी, लेकिन उसे महज पांच दिन की छुट्टी ही मिल सकी थी।

जानकारी के अनुसार, ASI भतीजी की शादी की तैयारियों और समारोह में शामिल होने के लिए लंबी छुट्टी चाहता था। छुट्टी को लेकर उसने विभाग से एक महीने का अवकाश मांगा था, लेकिन स्वीकृति केवल पांच दिन की मिली।

इसके बाद चंडीगढ़ में ASI ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, ASI की मौत की खबर से परिजनों और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

सतपाल किस बात को लेकर परेशान थे, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। प्रारंभिक तौर पर दो वजह मानी जा रही है। सहकर्मियों के अनुसार, उन्होंने भांजे की शादी के लिए 30 दिन की अर्न्ड लीव (EL) मांगी थी, लेकिन उन्हें सिर्फ 5 दिन की ही मिली। इसी कारण रविवार को परिवार को रोहतक भेजकर उन्होंने दोबारा छुट्टी के लिए आवेदन किया था, जो मंजूर नहीं हुआ। पत्नी और बच्चे चले गए थे और सतपाल को छुट्टी मिलने के बाद जाना था।

सहकर्मियों के मुताबिक, सतपाल के दो बड़े भाइयों की कुछ समय पहले ब्रेन हैमरेज के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद से ही वे मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। उनके तीसरे बड़े भाई राजकुमार हरियाणा पुलिस में डीएसपी पद से रिटायर हुए हैं। सबसे छोटे सतपाल के ऊपर भांजे की शादी की जिम्मेदारी थी। इसी बीच छुट्टी न मिल पाने के कारण वे और भी ज्यादा तनाव में आ गए।

10 अक्टूबर को था जन्मदिन, 51 साल के होने वाले थे

परिजनों के अनुसार सतपाल का जन्मदिन 10 अक्टूबर को था और इस बार वह 51 साल के होने वाले थे। करीब तीन महीने पहले ही उन्हें ASI पद पर पदोन्नति मिली थी। नौकरी लगने के बाद से वह चंडीगढ़ में तैनात थे और वहीं रह रहे थे।

चंडीगढ़ का क्वार्टर सील, सुसाइड नोट नहीं मिला

परिजनों के अनुसार जब वे चंडीगढ़ स्थित क्वार्टर पहुंचे, तब सतपाल को फंदे से नीचे उतारा जा चुका था। मौके से रस्सी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने क्वार्टर को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार का कहना है कि उन्हें अभी घटना की पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं मिल पाई है। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है।

परिजन बोले- किसी केस को लेकर परेशान थे सतपाल

सतपाल के भतीजे सुरेश के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। उन्होंने बताया कि सतपाल किसी केस को लेकर भी परेशान चल रहे थे। यह परेशानी केस के दबाव की वजह से थी या इसके पीछे कोई दूसरा कारण था, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा। परिजनों के मुताबिक, सतपाल पिछले कुछ समय से तनाव में थे और लोगों से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रहे थे।

परिवार ने की निष्पक्ष जांच की मांग

परिवार का कहना है कि वह सतपाल की मौत को लेकर कई सवालों के जवाब चाहते हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच करने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल चंडीगढ़ स्थित क्वार्टर सील है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version