Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में क्लीनिक के बाहर महिला डॉक्टर की गाड़ी का शीशा तोड़ चुराए 2 लाख के गहने और डॉक्यूमेंट; कंडक्टर सीट पर भूल गई थी पर्स

रोहतक में महिला डॉक्टर की कार का शीशा तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के गहने व जरूरी कागजात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब महिला डॉक्टर अपनी कार को क्लीनिक के पास छोड़कर अंदर गई थी। जब वापस आई तो कार का शीशा टूटा हुआ था और गाड़ी में रखा पर्स चोरी हो चुका था।

रोहतक के शीला बाईपास स्थित जसबीर कॉलोनी निवासी डॉ. निशा ने बताया कि वे डेंटल क्लीनिक में डॉक्टर हैं। शनिवार शाम को वे अपनी कार लेकर क्लीनिक पर गई थी। उन्होंने अपनी कार को डेंटल क्लीनिक के पास रोड के साइड में ही खड़ी कर दिया। इसके बाद वे क्लीनिक में चली गई।

डॉ. निशा ने कहा कि जब वह क्लीनिक में गई तो गलती से अपना पर्स कार में ही छोड़कर चली गई। उनका पर्स गाड़ी की कंडक्टर साइड वाली शीट पर रखा हुआ था। देर शाम को वे क्लीनिक से अपना काम खत्म करके वापस आई। कार के पास आकर देखा तो पाया कि उनकी गाड़ी के कंडक्टर साइड वाला शीशा टूटा हुआ है।

किसी अज्ञात ने उनके कार का शीशा तोड़ दिया। वहीं कार में रखे पर्स को भी चोरी करके फरार हो गया। उन्होंने इस घटना के बारे में आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन कार का शीशा तोड़कर पर्स चोरी करने वाले का कोई सुराग नहीं लगा। आरोपी वारदात के बाद फरार हो चुका था।

डा. निशा ने बताया कि उनके पर्स में गहने व जरूरी कागजात थे। जो चोरी हुए हैं। पर्स में एक सोने का कड़ा, 2 हीरे की अंगूठी, एक घड़ी, 3 डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड व जरूरी डॉक्यूमेंट थे। चोर ने करीब 2 लाख रुपए के गहने चोरी किए हैं। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version