उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की कैबिनेट की बैठक में शुक्रवार को जेवर एयरपोर्ट को लेकर बड़ा फैसला किया गया है। जेवर एयरपोर्ट को लेकर लिए गए फैसले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का प्रस्ताव पास कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल प्रधानमंत्री का आभारी है कि उन्होंने राज्य को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उपहार में दिया है, जो उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा और भविष्य में देश का सबसे बड़ा विमानन केंद्र बनने जा रहा है। मंत्रिमंडल ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा-जेवर’ रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आस्था, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रति प्रधानमंत्री का योगदान सदियों तक याद रखा जाएगा। उनकी कोशिशों से 500 साल का इंतजार खत्म हुआ और अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में देवता की प्राण प्रतिष्ठा का सपना सच हुआ। श्री काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप पीएम मोदी जैसे महान और समर्पित सेवक की दूरदर्शी सोच का नतीजा है। एक सदी पहले चोरी हुई देवी अन्नपूर्णा की मूर्ति को विदेश से वापस लाकर काशी विश्वनाथ मंदिर में फिर से स्थापित किया गया, साथ ही, 127 साल बाद पिपरहवा से भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की भारत वापसी संभव हो सकी। प्रयागराज महाकुंभ में 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने का रिकॉर्ड बना।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तर प्रदेश ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र को जमीनी स्तर पर साकार किया है। सरकार ने गरीबों, वंचितों, पिछड़े वर्गों, युवाओं, महिलाओं और किसानों सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की हैं। प्रधानमंत्री की समग्र दृष्टि के कारण देश के किसानों को सम्मान और सुरक्षा प्राप्त हुई है। हमारे किसानों के कल्याण के लिए, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 3 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है।”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 65 लाख से अधिक गरीब परिवारों को घर मिले हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लगभग 15 करोड़ नागरिकों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जो 3.67 करोड़ राशन कार्ड धारक परिवारों से संबंधित हैं। जल जीवन मिशन के तहत, 2.46 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल के पानी के कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।”
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज यानी सोमवार से कमर्शियल फ्लाइट का संचालन शुरू हो चुका है। लखनऊ से आने वाली पहली फ्लाइट जेवर एयरपोर्ट पर लैंड भी कर गई है। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो की कमर्शियल फ्लाइट ने उड़ान भरी थी और अब वह जेवर एयरपोर्ट पर पहुंच चुकी है। अब यही फ्लाइट लखनऊ में लैंड हो गई है
