मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब को एक महिला के बालों में थूकना महंगा पड़ा है। हेयर स्टाइलिस्ट के खिलाफ मामले में मुजफ्फरनगर में केस दर्ज हुआ है। जावेद ने एक सेमिनार में महिला के बालों में थूका था। इसका वीडियो वायरल हो गया था। महिला ब्यूटिशियन की शिकायत पर मंसूरपुर थाने में मामला दर्ज हुआ है। यह मुकदमा महामारी अधिनियम संबंधी धाराओं में दर्ज किया गया है।
National Commission for Women (NCW) writes to Delhi Commissioner of Police Rakesh Asthana on viral video showing hairstylist Jawed Habib allegedly spitting on a woman’s hair, urges him to take action in the matter. NCW to send a notice to Jawed Habib.
— ANI (@ANI) January 6, 2022
वायरल वीडियो में जावेद हबीब महिला को बता रहे हैं कि बाल गंदे हैं। इसके बाद वो महिला के बालों में कंघी करते हुए बोलते हैं कि अगर बालों में पानी की कमी है तो…। इतने में वो महिला के बालों पर थूकते हैं और कहते हैं कि थूक में जान है।
For those who goes to Javed Habib’s saloon pic.twitter.com/dblHxHUBkw
— Rishi Bagree (@rishibagree) January 5, 2022
बड़ौत में रहने वाली पूजा गुप्ता ने बाद में इसका विरोध किया। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की। पूजा एक ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। वह पति के साथ किंग विला होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंची थीं। यहीं पर जावेद ने उनके बालों में थूका था। यह भी कहा था कि पार्लर में पानी न हो तो थूक से काम चला सकते हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले में हस्तक्षेप किया। उसने उत्तर प्रदेश पुलिस से कहा कि वह उस वीडियो की सत्यता की जांच करे जिसमें जाने-माने हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब एक महिला के बालों में थूकते हुए दिख रहे हैं।
आयोग ने उत्तर प्रदेश पुलिस को लिखे पत्र में कहा, ‘आयोग ने इस घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है। वह इसकी न सिर्फ कड़ी निंदा करता है, बल्कि इसमें आपका तत्काल दखल चाहता है ताकि इस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा सके।’
महिला आयोग के मुताबिक, यह घटना केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी कोविड संबंधी दिशानिर्देशों का भी उल्लंघन है और ऐसे में लोगों के बीच थूकना दंडनीय अपराध भी है। आयोग ने जावेद हबीब को भी सुनवाई के लिए एक नोटिस भेजा है।
क्या है पूरा मामला?
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक वर्कशॉप आयोजित की गई थी। इसमें पूजा गुप्ता नाम की महिला का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा, ‘कल मैं जावेद हबीब की कार्यशाला में गई थी। उन्होंने बाल काटने के लिए स्टेज पर बुलाया। इसके बाद उन्होंने यह किया। अब मैं सड़क किनारे बाल कटवा लूंगी, लेकिन हबीब के पास नहीं जाऊंगी।’

जब हबीब महिला के बालों में थूकते हैं तो वहां मौजूद लोग हंसते हुए शोर मचाने लगते हैं और ताली बजाते हैं। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि ऑडियंस ने भी मास्क नहीं लगाया है। यानी कुल मिलाकर यहां कोरोना प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाते हुए सब नजर आ रहे हैं। कुर्सी पर बैठी महिला भले ही उस समय चुप रही लेकिन बाद में उन्होंने अपनी भड़ास निकाली।
यह महिला बागपत के बड़ौत क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनका नाम पूजा गुप्ता है जो एक पार्लर चलाती हैं। वीडियो में वह यह कहते हुए नजर आ रही हैं कि जावेद हबीब ने उनके साथ स्टेज पर मिस बिहेव किया। महिला ने बताया कि जावेद का मानना है कि हेयर कटिंग करते समय जब आपके पास पानी न हो तो आप थूक लगाकर भी कटिंग कर सकते हैं।
इस कोरोना काल में जहां लोगों को मास्क लगाकर बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है। पब्लिक प्लेस पर थूकने से मना किया जा रहा है। वहीं इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग हैरान हैं कि इतना मशहूर शख्स ऐसा कैसे कर सकता है, भला थूक लगाकर कटिंग करना क्या सही है?
घटना के तूल पकड़ने के साथ जावेद हबीब ने गुरुवार देर रात इंस्टाग्राम पर माफी मांगी। उन्होंने अपने कहे शब्दों को वापस लिया और खेद जताया। उन्होंने कहा, ‘मेरे सेमिनार में कुछ वर्ड्स को लेकर कुछ लोगों को ठेस पहुंची है। हमारे सेमिनार प्रोफेशनल होते हैं। ये लंबे शो होते हैं। एक ही बात बोलता हूं, दिल से। अगर सच में ठेस पहुंची है तो माफ कर दो। सॉरी, दिल से माफी मांगता हूं।’
मिली जानकारी के अनुसार पूजा के पास इस मामले को रफा-दफा करने के लिए दिल्ली से एक फोन भी आया था। हालांकि, उन्होंने साफ मना कर दिया। वहीं, घटना के विरोध में मुजफ्फरनगर में क्रांति सेना ने जावेद हबीब का पुतला फूंका।
