राजधानी जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की पांचवी मंजिल से गिरने से मौत हो गई. बच्ची के गिरते ही चीख की आवाज सुनकर स्कूल प्रशासन मौके पर पहुंचा और उसे निजी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर्स ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया. जानकारी के मुताबिक झाड़ियों में गिरने पर उसका सिर दीवार से टकराया जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद स्टाफ मौके पर दौड़ा, बच्ची को तुरंत मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना था— “जब बच्ची को लाया गया, उसकी सांसें लगभग थम चुकी थीं। पसलियां टूटकर अंदर धंस गई थीं, जिससे बॉडी में हवा भर गई थी। शरीर सूज चुका था, सिर में गहरी चोट थी। हालत देखकर हम सब घबरा गए।”
अमायरा अपने माता-पिता के साथ द्वारका अपार्टमेंट, मानसरोवर में रहती थी। पिता विजय देव और मां शिबानी देव की दुनिया उनकी इस एकलौती बेटी के इर्द-गिर्द घूमती थी। हादसे की खबर मिलते ही दोनों अस्पताल पहुंचे। वहां का मंजर किसी भी इंसान को तोड़ देने वाला था। मां शिबानी अपनी बच्ची का नाम पुकारते हुए बार-बार डॉक्टरों से गुहार लगाती रहीं—
“मेरी बेटी को कहीं से भी मुझे लाकर दे दो… वो ठीक है, आप लोग झूठ बोल रहे हैं… मुझे मेरी बच्ची को गोद में दे दो।”
उनकी यह पुकार पूरे हॉस्पिटल में गूंज रही थी। पिता विजय एक कोने में बैठकर खामोश थे—न आंखों में आंसू, न शब्द… बस टूटी हुई सांसें।
इसी बीच पुलिस को भी सूचना मिली। सीआई लखन खटाना और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। स्कूल परिसर को सील कर जांच शुरू की गई। लेकिन इस बीच एक और चौंकाने वाली बात सामने आई—स्कूल प्रशासन ने घटना के तुरंत बाद वहां सफाई करवा दी, खून के धब्बे मिटा दिए। जबकि कानूनन यह जरूरी था कि घटनास्थल को जस का तस रखा जाए। पुलिस ने जब इस पर सवाल किया, तो स्कूल प्रबंधन चुप रहा।
सीआई खटाना ने कहा—“हमने दो टीम बनाई हैं, एक टीम स्कूल में और दूसरी हॉस्पिटल में जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा है या कुछ और।”
अमायरा का परिवार मूलतः सीकर जिले के गोहाना गांव का रहने वाला है। वे कुछ साल पहले जयपुर में आकर बसे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक थी, लेकिन आज उनकी खुशियों की नींव हिल चुकी है। बच्ची की दादी कमली देवी हादसे की खबर सुनते ही बेसुध हो गईं, परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला।
इस पूरे मामले ने प्रशासन को भी हिला दिया है। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा—“नीरजा मोदी स्कूल की यह घटना बेहद दुखद है। मैंने जांच के आदेश दे दिए हैं। दोषी चाहे जो भी हो, सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
ऐसे में अब स्कूल प्रशासन की इस हरकत पर सवाल उठ रहे हैं. अभिभावक संघ के संयुक्त सचिव अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा कि स्कूल की बिल्डिंग से गिरकर छात्रा की मौत हुई है. स्कूल प्रशासन को सख्त सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखना चाहिए यह घटना बेहद दुखद है.
हादसे को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि यह घटना स्कूल प्रबंधन की लापरवाही की वजह से हुई है. अगर जांच में ऐसा आता है तो दोषियों और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा.
घटना के बाद छात्रा के माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है .वहीं अब पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि आखिर छात्रा छत से कैसे गिरी वहीं स्कूल प्रशासन से भी पुलिस पूछताछ कर रही है.
