Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक की लब्धि बनी जैन साध्वी

हरियाणा के रोहतक की युवती गुरुवार को विधिवत रूप से जैन साध्वी बन गई है। करीब 6 घंटे चले दीक्षा प्रोग्राम के बाद उन्हें जैन स्थानक भेज दिया गया। यहां से वह डोब गांव स्थित जैन मुनियों के मंदिर चली जाएंगी। युवती अब लब्धि जी महाराज के नाम से जानी जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाइयों को राखी बांधी, रस्म के मुताबिक बाल मुंडवाए, मुनियों ने उनका नाम बदला और जैन स्थानक भेज दिया। अब 12 जून को उन्हें रेलवे रोड स्थित जैन स्थानक में बड़ा पाठ दिया जाएगा। इसके बाद उनकी जैन साध्वी बनने की प्रक्रिया संपूर्ण हो जाएगी।

लब्धि जैन की साध्वी बनने की यात्रा 28 मई को केसर रस्म के साथ शुरू हुई थी। इसके बाद अलग-अलग दिन बान की रस्में, हल्दी और मेहंदी की रस्में पूरी की गईं। गुरुवार को सुबह 6 बजे तिलक की रस्म हुई जिसमें उन्होंने भाइयों को राखी बांधी। इसके बाद जैन स्थानक से रथ यात्रा निकाली गई। इसमें लब्धि के साथ उसकी मां सेंजल और अन्य परिजन मौजूद थे।

गाजे-बाजे के साथ रथ यात्रा सुबह 10 बजे दीक्षा स्थल पर पहुंची। यहां रथ से लब्धि के भाइयों ने उन्हें गोद में उठाया और मंच तक लेकर गए। वहां भजन गाए गए। इसके बाद लब्धि ने अपने आभूषण उतारे और मशीन से केश उतारे गए। कुछ बालों को सिर पर ही छोड़ दिया गया।

जैन साधु अभिषेक मुनि व आशीष मुनि ने साध्वियों के समक्ष लब्धि जैन को दीक्षा मंत्र दिया। इस दौरान लब्धि का नया नाम लब्धि जी महाराज घोषित किया गया। वह अब जैन साध्वी महाप्रज्ञा की शिष्या हैं। दीक्षा मंत्र के बाद उन्हें भोजन पात्र और एक ग्रंथ दिया।

दीक्षा मंत्र के बाद लब्धि जी महाराज के माता-पिता और भाइयों ने उनका आशीर्वाद लिया। बाद में धर्म के बने माता-पिता और श्रद्धालुओं ने भी उनका आशीर्वाद लिया। अंत में प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद लब्धि जी महाराज जैन साध्वियों के साथ जैन स्थानक की ओर रवाना हो गईं।

Exit mobile version