हरियाणा में कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी होने के साथ ही विकेट गिरनी शुरू हो गई हैं। बरोदा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट के दावेदार रहे पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा के करीबी डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने समर्थकों की बैठक बुला ली है। इसमें वह चर्चा कर आगे का फैसला लेंगे।

कांग्रेस ने बीती रात 32 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। जिसमें बरोदा हलके से वर्तमान विधायक इंदुराज नरवाल को दोबारा टिकट दिया है। इंदुराज भी भूपेंद्र हुड्‌डा के करीबियों में गिने जाते हैं। उन्हें दोबारा टिकट देने पर हलके में बगावत शुरू हो गई है।

कपूर सिंह नरवाल की टिकट कटने की सूचना के बाद सुबह ही समर्थक उनके आवास पर पहुंचने लगे थे। उनसे बातचीत के बाद कपूर नरवाल ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया। साथ ही रविवार को 10 बजे अपने निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाई है।

टिकट न मिलने पर कपूर नरवाल ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनके साथ गद्दारी की है। बरोदा उपचुनाव में हुड्डा ने उनसे वादा किया था कि आम चुनाव में हर हाल में उनको टिकट दी जाएगी। चुनाव लड़ाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस को छोड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि वह हुड्डा को उनकी वादा खिलाफी का जवाब जरूर देंगे।नरवाल ने कहा कि उनकी राजनीतिक हत्या हुई है। बरोदा हलके की जनता हुड्डा से बदला लेगी। आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी बरोदा विधानसभा सीट हारेगी।

कपूर नरवाल बरोदा विधानसभा से दो बार 2009 और 2014 में इंडियन नेशनल लोकदल की टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। दोनों बार स्वर्गीय कृष्ण हुड्डा से हार गए थे। इनेलो के दो फाड़ होने के बाद JJP में शामिल हो गए, लेकिन कुछ दिन बाद जजपा छोड़ कर भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली थी। इसके बाद 2020 में बरोदा में हुए उपचुनाव के दौरान कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!