Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मार्च में तीन बार होगी बारिश:6, 11, 16 को बन रहे आसार; आज-कल छाएंगे बादल, रात में 10 डिग्री गिरा पारा

हरियाणा में अभी मौसम में बदलाव जारी रहेगा। मार्च में तीन बार बारिश होने के आसार बन रहे हैं। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि हरियाणा में तीन पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं। इससे 6, 11 और 16 मार्च को बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 5 मार्च की रात पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से 6 मार्च को प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 10 मार्च की रात दूसरा पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे 11 मार्च को बूंदाबांदी के आसार दिख रहे हैं। फिर 15 मार्च को तीसरा विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से बारिश हो सकती है।

प्रदेश में हुई वर्षा और ओलावृष्टि से रात के तापमान में भारी गिरावट हुई है। रात के न्यूनतम तापमान में 10 से अधिक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। 24 घंटे में सबसे अधिक गिरावट हिसार के न्यूनतम तापमान में देखी गई है, यहां का पारा 12.8 डिग्री तक नीचे गिर गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में 2 मार्च को ओलावृष्टि और वर्षा के चलते फिर से रात के समय ठंड बढ़ेगी। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में आ रहा है। वर्षा का असर रात के तापमान पर आया है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 5 व 6 मार्च के दौरान प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल रहने तथा बीच-बीच में हवाएं चलने की भी संभावना है। इस दौरान रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा दिन के तापमान में गिरावट रहने की संभावना है। लेकिन सात से नौ मार्च के दौरान मौसम साफ व खुश्क रह सकता है। इस दौरान हल्की गति से हवाएं चलेंगी और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने परंतु रात तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।

Exit mobile version