Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 6 जिलों में हो रही बारिश, आज से स्कूल खुले:जून में 30% ज्यादा बरसात हुई, आज सभी जिलों में मौसम खराब

हरियाणा में बारिश के मौसम के बीच आज से एक महीने बाद स्कूल खुल गए हैं। सुबह से पानीपत, झज्जर, रेवाड़ी, जींद, महेंद्रगढ़ और सोनीपत में बारिश हुई। भिवानी, अंबाला और करनाल में बादल छाए हुए हैं। यहां बारिश की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक जून महीने में सामान्य से 30 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। अगले 3 दिन मौसम खराब रहेगा। आज सभी जिलों में बारिश का अलर्ट है। यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत और झज्जर में तेज बारिश आ सकती है।

प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। सोमवार को सबसे गर्म सिरसा रहा। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया है कि मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा श्रीगंगानगर, दिल्ली, फतेहगढ़, सीधी, जमशेदपुर से होती हुई बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इस वजह से बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली मानसूनी हवाएं राज्य की तरफ आने और राजस्थान पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से अरब सागर की तरफ से नमी वाली हवाएं आने की संभावना है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते हरियाणा में 5 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है।

Exit mobile version