हरियाणा में आज (12 अगस्त) सुबह से अंबाला, कैथल, पानीपत, यमुनानगर और फरीदाबाद में बारिश हो रही है। करनाल, सोनीपत, जींद, पलवल और चरखी दादरी में बूंदाबांदी हुई।
पानीपत के जालपाड़ गांव में बारिश के कारण हाईटेंशन तार टूट कर मकानों पर गिर गई। हालांकि, इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ (IMD) ने दोपहर 12 बजे तक के लिए कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल और पानीपत के कुछ हिस्सों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सिरसा, हिसार, रोहतक और सोनीपत के कुछ हिस्सों को छोड़कर बाकी जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना है।
मानसून की गति एक बार फिर बढ़ने लगी है। पिछले कुछ दिनों से मानसून का ट्रफ हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ा हुआ था, लेकिन अब यह फिर से नीचे की ओर आने लगा है और हरियाणा की तरफ बढ़ रहा है। ऐसे में 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। उत्तरी हरियाणा में यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बुधवार को पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार हैं। अब तक प्रदेश में सामान्य से 15 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (CCHAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि बारिश फसल के लिए लाभकारी है, लेकिन कीटों से बचाव को लेकर निगरानी करते रहें।

