हरियाणा के 10 जिलों में बारिश हो रही है। इनमें हिसार, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, पंचकूला, जींद और फतेहाबाद शामिल हैं। लगातार बरसात से कुरुक्षेत्र की मारकंडा नदी और फरीदाबाद में यमुना नदी ओवरफ्लो हो गई है। इससे कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आज और 1 सितंबर को प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बारिश की संभावना है।
- 1 सितंबर: 10 जिलों, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, ,करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।
- 2 सितंबर: 15 जिलों, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।
फतेहाबाद में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इससे किसानों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। घग्गर नदी के ओवरफ्लो होने का खतरा बना हुआ है। एहतियातन प्रशासन ने चांदपुरा साइफन के पास पोकलेन मशीन और जेसीबी तैनात कर दी है। पोकलेन से लगातार पानी की सफाई की जा रही है और जेसीबी से तटबंध मजबूत किए जा रहे हैं।

