Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कोरोना को लेकर आइसोलेशन बेड बनेंगे:हाई रिस्क मरीजों पर नजर, स्टाफ की ट्रेनिंग शुरू, लोगों से सतर्क रहने की अपील

हरियाणा में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार सतर्क हो गई है। सरकार ने सभी अस्पतालों में आइसोलेशन बेड तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी सिविल सर्जनों को हाई रिस्क वाले मरीजों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने लोगों और स्वास्थ्य अधिकारियों से कोविड-19 को लेकर सतर्क और सक्रिय रहने का आग्रह किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक नागरिक का स्वास्थ्य और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

समय पर कार्रवाई और निवारक उपायों का सख्ती से पालन करने से वायरस के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है और इससे घबराने की जरूरत नहीं है।

हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल सर्जनों को कोविड-19 के संबंध में एक एडवाइजरी जारी की गई है। उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं में समर्पित फ्लू कॉर्नर स्थापित करने के निर्देश दिए गए है, ताकि शुरुआती जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

राज्य भर के अस्पतालों को आइसोलेशन बेड, ऑक्सीजन की आपूर्ति, आवश्यक एंटीबायोटिक्स, पीपीई किट, एन-95 मास्क और आवश्यक परीक्षण आपूर्ति सहित पर्याप्त बेड के साथ तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए कोविड-19 के संकेतों, लक्षणों, प्रबंधन और दिए जाने वाले दिशा-निर्देशों के बारे में ज्ञान को सुदृढ़ करने के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

लोगों को कोविड-19 के लिए उचित व्यवहार अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है,

जिसमें सांस और हाथ की स्वच्छता बनाए रखना, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढंकना, सामाजिक दूरी का पालन करना, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचना, भीड़ भाड़ वाले वातावरण में मास्क पहनना और बार बार हाथ धोना शामिल है।

जिला निगरानी इकाइयों को घर में आइसोलेट किए गए मामलों, खासकर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और सह-रुग्णता वाले लोगों जैसे उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए है। जिला स्तर पर तैयारियों को मजबूत करने के लिए भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) के साथ बैठकें भी बुलाई जा रही हैं।

उन्होंने सभी नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘आइए सूचित रहें और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें।

हरियाणा में कोरोना बढ़ने लगा है। बुधवार को 5 नए केस मिले। प्रदेश में अब तक कुल 21 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 18 केस एक्टिव हैं जबकि 3 मरीज ठीक हो चुके हैं। कुल 21 में से 10 मरीज गुरुग्राम और 9 फरीदाबाद में मिले हैं।

बुधवार को जो 5 नए मरीज मिले, उनमें भी 3 फरीदाबाद और 2 गुरुग्राम से हैं। फरीदाबाद के 3 में से 2 मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री मिली। इनमें से एक हाल में वियतनाम से लौटा था, जबकि दूसरा आंध्र प्रदेश से आया है।

गुरुग्राम में जो दो नए मरीज मिले, उनमें से एक 74 साल और दूसरा 37 साल का है। दोनों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई।

इस बीच हरियाणा में कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए CM नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में हेल्थ डिपार्टमेंट की मीटिंग ली। मीटिंग में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और हेल्थ डिपार्टमेंट के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (ACS) सुधीर राजपाल मौजूद रहे।

Exit mobile version