Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सिंचाई विभाग के JE पर हमला, पानी चोरी रोकने गए तो जड़े थप्पड़

रोहतक के लाखन माजरा क्षेत्र में नहरी पानी की चोरी रोकने पहुंचे सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने JE को थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिंचाई विभाग को लाखन माजरा गांव के क्षेत्र से गुजरने वाली भिवानी डिस्ट्रीब्यूटरी नहर से लगातार पानी चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने चोरों को पकड़ने का अभियान चलाया था।

अभियान के दौरान सिंचाई विभाग के मदीना उपमंडल में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) अमन भिवानी सब ब्रांच की आरडी 52300, मध्य गोहाना रोड के पास ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने लाखन माजरा निवासी जयपाल और सुमित को नहर में दो रबर पाइप लगाकर अवैध रूप से पानी चोरी करते हुए पकड़ा।

जेई अमन ने जब उन्हें पाइप हटाने के लिए कहा, तो दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने जेई को जान से मारने की धमकी भी दी।

जेई अमन के अनुसार, पानी चोरी का विरोध करने पर जयपाल और सुमित ने अपने गांव लाखन माजरा निवासी अजमेर उर्फ काला और मोहित को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में दोनों वहां पहुंच गए। आरोप है कि आते ही अजमेर उर्फ काला ने जेई को थप्पड़ मार दिया, उनके साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद जेई अमन ने अपना मेडिकल कराया और लाखन माजरा थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर लाखन माजरा निवासी सुमित, जयपाल, अजमेर उर्फ काला और मोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version