Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सिंचाई विभाग ने जेएलएन में 3 मार्च को पानी छोड़ने से किया इनकार, होली तक दिन में एक बार आएगा पानी

रोहतक में एक समय पानी की सप्लाई करके दिनभर की जरूरत पूरी कर देने का भरोसा दिया जा रहा है। इसमें अधिकतर घरों में एक बाल्टी पानी भरने लायक भी सप्लाई नहीं पहुंच रही है। वहीं कई काॅलोनी ऐसी भी हैं जहां आपूर्ति कुछ मिनट ही हो रही है। जेएलएन में पिछले 3 सप्ताह से पानी नहीं आया है। जबकि शहर में प्रतिदिन औसतन 9 हजार करोड लीटर पानी की जरुरत पड़ती है।

पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट एक समय पानी की सप्लाई कर रहा है। इसमें भी खोकरा कोट, रैनकपुरा, विशाल नगर के अधिकतर घरों में लोगों ने बाल्टी भर पाने लायक भी पानी नहीं पहुंचने की बात कही। पहाडा़ मोहल्ला, डेयरी मोहल्ला, आदर्श नगर, आजादगढ़ कॉलोनी में लोगों ने 5 से 10 मिनट के बाद सप्लाई बंद होने की बात कही। इसके अलावा शहर के काफी हिस्सों में 15 मिनट से 30 मिनट तक आपूर्ति हुई। जबकि हर क्षेत्र में एक घंटा पानी की सप्लाई करने का शेड्यूल है। इन हालातों में लोग आसपास के लोगों के सबमर्सिबल से पानी लेकर जरुरत पूरी करने के लिए मजबूर हैं।इसके अलावा कॉलोनियों ने लोगों की तरफ से गंदे पानी की सप्लाई की शिकायतें लगातार की जा रही हैं। कैंपर सप्लाई करने वाले अविनाश ने बताया कि फिलहाल नए ग्राहक अपने घरों में भी कैंपर मंगा रहे हैं।बताया जा रहा है की शहर में पानी की कमी को लेकर पब्लिक हेल्थ विभाग के अफसरों ने सिंचाई विभाग से बात की है, लेकिन पहले से नहर आने की निर्धारित अवधि 3 मार्च तक भी पानी नहर में छोड़ने से इंकार कर दिया गया है। इसमें होली के बाद ही नहर में पानी छोड़ने की बात कही गई है। जबकि होली के आसपास के दिनों में पानी की जरूरत बढ़ जाएगी।

अभी नहर में पानी आने में समय लगा रहा है। इन हालातों में शहर में पानी की जरुरत पूरी करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। गंदे पानी की समस्या का भी टीम पहुंचकर निदान कर रही है।
-राजेश कुमार, एसडीओ, शहर डिवीजन

Exit mobile version