Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के सिविल अस्पतालों में गड़बड़ी का खुलासा:24 डॉक्टरों के खुद के अस्पताल, वहीं मरीज रेफर कर रहे; कई ऑपरेशन के पैसे ले रहे

हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। सिविल अस्पतालों में तैनात 24 डॉक्टरों ने अपने प्राइवेट अस्पताल खोले हुए हैं। सिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों को वह अपने ही अस्पताल में रेफर कर रहे हैं। कई अस्पतालों में डॉक्टरों का मरीजों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है। एक सिविल अस्पताल में डॉक्टर ऑपरेशन के बदले पैसे भी ले रहे हैं।स्वास्थ्य विभाग की जॉइंट डायरेक्टर (प्रशासन) ने सभी सिविल सर्जन को लेटर लिख ऐसे डॉक्टरों पर कार्रवाई करने को कहा है। लेटर में सभी डॉक्टरों के नाम और अस्पतालों के नाम भी शामिल किए गए हैं।हरियाणा में 11 अस्पताल ऐसे हैं, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं में कमी मिली है। उनमें नारायणगढ़, दादरी, जींद, असंध, नीलोखेड़ी, कलानौर, महम, सिरसा, डबवाली, ऐलनाबाद व सोनीपत में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है।

इसके अलावा 25 जनरल अस्पताल नारायणगढ़, दादरी, फतेहाबाद, सोहना, हिसार, झज्जर, बहादुरगढ़, जींद, कैथल, असंध, नीलोखेड़ी, कुरुक्षेत्र, नारनौल, मांडीखेड़ा नगीना, पलवल, पानीपत, समालखा, रेवाड़ी, रोहतक, कलानौर, सिरसा, डबवाली, ऐलनाबाद, सोनीपत व यमुनानगर में MRI की सुविधा नहीं है।रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि सिविल अस्पताल दादरी में कुछ डॉक्टर समय पर नहीं आते। इसके लैब टेक्नीशियनों द्वारा मरीजों को टेस्ट करवाने के लिए ऐसी लैब में भेजा जाता है, जो हरियाणा सरकार से अप्रूव्ड नहीं है।

सिविल अस्पताल सोहना में सुविधाओं की कमी के चलते डॉक्टरों द्वारा मरीजों को सिविल अस्पताल सेक्टर- 10 गुरुग्राम में रेफर कर दिया जाता है। यह अस्पताल सोहना से करीब 25 किलोमीटर दूर है, जिस कारण मरीजों को काफी परेशानी होती है।रिपोर्ट में बताया गया है कि सिविल अस्पताल हिसार में तैनात डॉ. रामअवतार शर्मा फिजिशियन तथा सिविल अस्पताल कैथल में तैनात डॉ. आशीष मित्तल का मरीजों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है। सिविल सर्जन को लिखे गए पत्र में कहा गया भिवानी, चरखी दादरी, हिसार, हांसी, कैथल, पंचकूला, सोनीपत, नागरिक अस्पताल में तैनात डॉक्टरों का व्यवहार मरीजों के साथ ठीक न होने की शिकायत मिली है।

सिविल अस्पताल पलवल में डॉक्टर ऑपरेशन करने की एवज में पैसे लेते हैं।स्वास्थ्य डायरेक्टर की रिपोर्ट में यह भी खुलासा किया गया है कि 24 ऐसे डॉक्टर्स हैं, जिन्होंने अपने पति या पत्नी के नाम पर प्राइवेट अस्पताल खोला हुआ है। इन अस्पतालों में दोनों मिलकर प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं। इस रिपोर्ट में डॉक्टरों के नाम के साथ ही उनके अस्पतालों की भी पूरी डिटेल दी हुई है। डॉक्टरों ने अंबाला, चरखी दादरी, बल्लभगढ़, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, हांसी, जींद जिलों में अपने अपने बड़े प्राइवेट अस्पताल खोले हुए हैं।सिविल सर्जनों को डायरेक्टर की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में डॉक्टरों की एक ऐसी भी लिस्ट है, जो प्राइवेट अस्पताल में मरीजों को रेफर करते हैं।

Exit mobile version