Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के घर घुसपैठ…पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नारनौल स्थित निवास में देर रात संदिग्ध लोगों के घुसने के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया और जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए इंचार्ज नारनौल और सिटी थाना एसएचओ के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं। उनकी पहचान और गतिविधियों की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में अब तक किसी एक्सटॉर्शन गैंग या हमले की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के दौरान न तो किसी को चोट पहुंची और न ही किसी प्रकार की फायरिंग हुई। हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

डीएसपी ने बताया कि टीमें लगातार संदिग्धों की तलाश में लगी हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है।

बताया जा रहा है कि 16 मई की सुबह करीब तीन बजे अज्ञात लोग निवास परिसर में घुस आए थे और सबसे पहले सीसीटीवी की वायर काट दी थी। हलचल होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना राव नरेंद्र सिंह के भाई देवेंद्र राव ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Exit mobile version