Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

फरीदाबाद में बीच-बचाव करना पड़ा भारी: व्यक्ति के सिर पर ईंट मारकर किया हमला, परिवार के लोगों ने भी पीटा; मारपीट का VIDEO आया सामने

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में दो महिलाओं के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे व्यक्ति पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिलाओं के बीच सुलह कराने की कोशिश करने से नाराज एक महिला के परिवार के लोगों ने व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसके सिर पर ईंट मार दी। घटना में व्यक्ति घायल हो गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

घटना 8 नवंबर की रात करीब 9 बजे बड़खल इलाके की बताई जा रही है। घायल की पहचान बड़खल कॉलोनी निवासी सराफत अली के रूप में हुई है। पीड़ित ने अनखीर चौकी पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दो महिलाओं के बीच झगड़ा शांत कराने पहुंचे थे सराफत

सराफत अली के अनुसार, 8 नवंबर को उनके पड़ोस में रहने वाली दो महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। आसपास रहने वाले व्यक्ति होने के नाते उन्होंने दोनों महिलाओं के बीच सुलह कराने का प्रयास किया।

इसी दौरान उनकी एक महिला से कहासुनी हो गई। हालांकि, कुछ समय बाद विवाद शांत हो गया और सभी लोग अपने-अपने घर चले गए।

रात में रास्ता रोककर सिर पर मारी ईंट

पीड़ित का आरोप है कि रात करीब 9 बजे जब वह गली से गुजर रहे थे, तभी संबंधित महिला के पति ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और सिर पर ईंट से हमला कर दिया। चोट लगने से वह नीचे गिर गए।

आरोप है कि इसके बाद गली के कोने पर मौजूद अन्य लोगों ने भी उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मारपीट का वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में सिर पर चोट लगने के बाद व्यक्ति नीचे गिरता नजर आता है। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

महिला पक्ष ने भी दी शिकायत, पुलिस कर रही जांच

अनखीर चौकी पुलिस के मुताबिक, सराफत अली की शिकायत प्राप्त हुई है। वहीं, महिला पक्ष की ओर से भी पहले शिकायत दी जा चुकी है। पुलिस ने दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version