Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

इंटरनेशनल बॉक्सर पूजा बोहरा करने जा रही हैं शादी ,Facebook पर हुई दोस्ती प्यार में बदली

भिवानी के मूल रूप से गांव नीमड़ीवाली और पिछले कुछ सालों से शहर के विकास नगर में रह रही इंटरनैशनल बॉक्सर पूजा बोहरा 22 फरवरी को जींद जिले के गांव छप्पर निवासी आकाश के साथ परिणय सूत्र में बंधेगी। आकाश इन दिनों जींद में ही यूनाइटेड इंडियन इंश्योरेंस कंपनी में प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं। इस शादी की खास बात यह होगी कि इसमें कोई दहेज नहीं दिया जाएगा और शगुन के तौर पर मात्र एक रुपया दिया जाएगा।

इस बारे में बॉक्सर पूजा बोहरा ने बताया कि 2019 में उसे पहली बार फेसबुक पर आकाश की ओर से मैसेज आया था। इसके बाद उन दोनों के बीच बातचीत होने लगी जो एक साल में ही प्यार में बदल गई। इसमें आकाश की ओर से ही पहले प्यार का इजहार किया गया था। इसके बाद उसने अपने परिजनों को आकाश के बारे में बताया तो उन्होंने भी आकाश को पसंद कर लिया और अब उनका यह प्यार रिश्ते में बदलने जा रहा है। पूजा ने बताया कि अभी वे शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं। शादी के बाद वे जुलाई में होने वाली एशियन चैंपियनशिप की तैयारियों में लग जाएंगी। यहां बता दें कि पूजा बोहरा के पिता फुटबॉल के खिलाड़ी रह चुके हैं। उनकी बड़ी बहन पूनम गृहिणी हैं तो उसका भाई अरविंद डी.पी.ई. के पद पर कार्यरत है। वहीं आकाश के पिता का निधन हो चुका है और उनकी मां सरला देवी हाउस वाइफ है।

बॉक्सर पूजा बोहरा को भीम अवार्ड मिल चुका है। पूजा बोहरा 2010 में गोवा में हुई जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत पदक, 2012 में गुवाहाटी में हुई सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं। इसके अलावा पूजा ने 2013 के एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक, उसी साल एशियन गेम्स में कांस्य, 2019 में बैंकाक में हुई एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मैडल, 2021 में दुबई में हुई एशियन चैंपियनशिप में भी गोल्ड मैडल के अलावा वे 2021 में टोक्यो में हुए ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

Exit mobile version