हरियाणा के भिवानी में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के अपमान पर बवाल मच गया है। यहां युवक ने प्रतिमा के ऊपर चढ़कर रील बनाई। रील में एक युवक प्रतिमा के कंधे पर चढ़कर नाच रहा है। इनमें से एक युवक की वीडियो भी बना रहा था। इस रील के बैकग्राउंड में हरियाणवी गाना लगाया गया है।
इसका वीडियो सामने आते ही चौटाला परिवार नाराज हो गया है। चौधरी देवीलाल के पड़पोते JJP नेता दिग्विजय चौटाला ने सिरसा के SP को शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की है। दिग्विजय ने कहा कि आने वाले समय में पंचायत कर इस पर फैसला किया जाएगा। इसे लेकर उन्होंने वीडियो भी जारी किया है।
अपमान का यह मामला भिवानी के गांव धनाना में सामने आया। यहां देवीलाल की प्रतिमा का अनावरण 20 सितंबर 2003 को पूर्व सांसद अजय सिंह चौटाला व विधायक शशि रंजन परमार ने किया था।
चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के अपमान की वायरल वीडियो में 3 युवक दिखाई दे रहे हैं। एक युवक प्रतिमा के ऊपर चढ़ा हुआ है। वहीं, दूसरा युवक उसकी वीडियो बना रहा है और तीसरा युवक भी उसके पास है। वहीं, सोशल मीडिया पर डाली वीडियो के बैकग्राउंड में होली का हरियाणवी गाना भी बज रहा है।
गांव धनाना निवासी दिनेश ने बताया कि पहले भी शरारती तत्वों द्वारा इस तरह की अभद्रता की जा चुकी है, लेकिन अब इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद सबको पता चल गया। इससे पहले इस प्रतिमा की करीब 8 बार रिपेयरिंग करवाई जा चुकी है। पहले भी शरारती तत्वों द्वारा अभद्रता की गई और रोकने पर झगड़ा भी हुआ था।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उन्हें एक वीडियो मिली थी, जिसमें कुछ युवकों ने चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के साथ अभद्रता करने का काम किया है। यह बर्दाश्त करने लायक नहीं है। देवीलाल को चाहने वाले गरीब, किसान, मजदूर व कमेरा वर्ग के लोग इस हरकत से बहुत ज्यादा आहत हैं। उन्होंने कहा कि कम उम्र के नौजवान लड़के अगर इस तरह से अपने महापुरुषों के साथ बर्ताव करेंगे तो हम कैसे अपने सुनहरे भविष्य को लिखने की कामना कर सकते हैं।
दिग्विजय चौटाला ने कहा- पूरा समाज व सभी राजनीतिक लोग इसकी आलोचना करें और इसके विरोध में आवाज उठाएं। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उन्होंने सिरसा SP से बात कर लिखित शिकायत दी है। सिरसा की पुलिस इस पर जल्द कार्रवाई करके FIR दर्ज करेगी। गांव के लोगों के फोन आ रहे हैं।
