Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सर छोटूराम की प्रतिमा की स्थापना:पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह हुए शामिल, 30 नवंबर को होगा अनावरण

आज दिनांक 2 नवंबर 2025 (रविवार) को चौ. छोटू राम धाम, जसिया (रोहतक) में किसान मसीहा, रहबर-ए-आज़म, दीनबंधु सर चौधरी छोटू राम जी की भव्य प्रतिमा स्थापना का ऐतिहासिक आयोजन सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रोफेसर महावीर शास्त्री जी ने वैदिक हवन के साथ की। उन्होंने अपने प्रेरक विचारों में शिक्षा, संस्कृति और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला जोकि चौ. छोटू राम जी का जीवन भी इन्हीं मूल्यों का प्रतीक रहा है।

इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी वीरेन्द्र सिंह जी रहे। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने किसान वर्ग की वर्तमान समस्याओं पर प्रकाश डाला तथा समाज को चौधरी छोटू राम जी के आदर्शों और ध्येयों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटू राम धाम आने वाले समय में समाज की तरक्की और पीढ़ियों के सर्वांगीण विकास का केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान चौ. वीरेन्द्र सिंह जी ने छोटू राम धाम के निर्माण हेतु एक कमरे (₹4,01,000) का नगद दान कर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से इसी भावना के साथ आगे आने और धाम के विकास में सहयोग करने की अपील की।

चौ. छोटू राम जी की यह भव्य प्रतिमा श्री राकेश कटारिया (शाहपुर तुर्क, जिला सोनीपत) द्वारा अपने व्यक्तिगत खर्चे से निर्मित करवाई गई है। उन्होंने कहा कि हमारे दिलों में किसान मसीहा के प्रति गहरी आस्था है, जिन्होंने किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया।

धाम के चेयरमैन एडवोकेट रणधीर सिंह जी ने इस ऐतिहासिक क्षण को समाज के लिए गौरव का दिन बताया और कहा कि चौधरी छोटू राम जी की प्रतिमा ने धाम की शोभा और महत्ता को चार चांद लगा दिए हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप दहिया जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि “छोटू राम हमारे राम हैं” — हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज की सच्ची तरक्की हासिल करनी होगी। उन्होंने श्री राकेश कटारिया जी के योगदान के लिए समाज की ओर से हार्दिक धन्यवाद भी प्रकट किया।

इसी दौरान उपस्थित जनसमूह में उत्साह की लहर देखने को मिली। इसी क्रम में विभिन्न कमरा दानदाताओं ने भी अपनी बकाया दानराशि समर्पित कर अपने कमरादान पूरे किए, जबकि अनेक अन्य समाजसेवियों ने बढ़कर योगदान देने का आश्वासन दिया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर सेक्रेटरी विंग कमांडर महेंद्र सिंह मलिक, प्रदेश अध्यक्ष गंगाराम श्योराण, आईटी प्रभारी डॉ. धर्मवीर राठी, कैप्टन रामकरण दलाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र मलिक, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुदेश मलिक, प्रदेश सचिव रामकिशन कुंडू, हरज्ञान मलिक, नरेंद्र हुडा, एडवोकेट आनन्द दूहन, जिला प्रधान गुरुग्राम प्रेमकिशन गहलोत व दर्शन हुड्डा, जिला प्रधान सोनीपत कर्मवीर घणघस, ट्रस्टी रामकिशन मलिक (मोखरा), कोच रणवीर चहल (सोनीपत), सूरजमल जागलान, श्री भगवान सुहाग, वेद प्रकाश, रणधीर नैन (पानीपत), जयपाल धनखड़, रामचेत राठी (दिल्ली), बलराज सिंघवा (भिवानी), जोगिंदर संधू (करनाल) व अनेकों मातृशक्ति सहित सैकड़ों सरदारी व समाजसेवी उपस्थित रहे।

Exit mobile version