रोहतक, 7 जनवरी : उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार जिला के गांव माडौदी जाटान में किसानों के आर्थिक स्तर को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कार्य योजना तैयार करने के उद्देश्य से संबंधित विभागों के अधिकारियों ने किसानों के साथ आम बैठक की। सचिन गुप्ता ने गत दिनों संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की आय दोगुणी करने के उद्देश्य से यह कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे।
सचिन गुप्ता ने गत 24 दिसंबर को कृषि, उद्यान, पशुपालन तथा मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों को समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए थे कि वे जिला के एक गांव को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने के लिए कार्य योजना तैयार करें। बैठक के दौरान जिला के गांव माडौदी को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया था। इन अधिकारियों को इस गांव में किसानों द्वारा अपनाए गए व्यवसायों का अध्ययन कर अन्य सहायक व्यवसाय अपनाने के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश जारी किए गए थे ताकि किसानों की आमदनी को दोगुना किया जा सके।
बैठक में यह विभाग रहेे शामिल :-
गांव माडौदी जाटान में किसानों के साथ आयोजित बैठक में कृषि विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मत्स्य विभाग, उद्यान विभाग सहित रोहतक के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान किसानों एवं अधिकारियों के बीच विस्तृत चर्चा की गई। कृषि विभाग द्वारा गांव में अपनाए जा रहे फसल चक्र, फसलों की प्रमुख क्रियाओं तथा किसानों द्वारा अपनाई जा रही कृषि पद्धतियों पर जानकारी साझा की गई। उप कृषि निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक ने सभी ग्रामीणों एवं किसानों को आश्वस्त किया कि इस प्रकार की आम सभाएं भविष्य में भी आयोजित की जायेंगी।
बैठक में किसानों ने अधिकारियों को अवगत कराया कि गांव में जल स्तर अधिक होने के कारण फसलें बार-बार खराब हो जाती हैं। इस संबंध में समाधान हेतु सरकार से अनुरोध किया गया। सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी ने किसानों को बताया कि सरकार द्वारा इस दिशा में पहले से ही प्रयास किए जा रहे हैं तथा ग्राम पंचायत के प्रस्ताव के साथ सर्वे कर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी ताकि आगामी कार्यवाही की जा सके। बैठक में एकीकृत खेती पर भी चर्चा की गई, जिसमें चार किसानों ने भाग लेने की सहमति प्रदान की। कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में स्थापित मॉडल के भ्रमण के बारे में भी किसानों को जानकारी दी गई।
किसानों द्वारा पशुपालन एवं डेयरी विभाग से पशु बीमा के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान तथा गांव में पशुपालन से संबंधित जागरूकता शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया गया। इस पर विभाग के उप मंडल अधिकारी ने समस्याओं के समाधान हेतु प्रयास करने का आश्वासन दिया। जिला बागवानी अधिकारी डॉ. मदन लाल ने विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं किसानों ने चल रही योजनाओं में अनुदान राशि बढ़ाने का अनुरोध किया।
जिला मत्स्य अधिकारी आशा हुड्डा अहलावत ने मत्स्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। ग्राम पंचायत द्वारा उपायुक्त का माडौदी जाटान को मॉडल गांव विकसित करने के लिए चयन करने पर आभार व्यक्त किया तथा सभी अधिकारीगण का बैठक में पहुंचने पर धन्यवाद किया गया।
इस अवसर पर उप मंडल कृषि अधिकारी, विषय विशेषज्ञ, सहायक पौधा संरक्षण अधिकारी, सहायक गन्ना विकास अधिकारी, सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी, भूमि सर्वेक्षण अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


