रोहतक के गांव भालौठ निवासी अमन ने आईएमटी थाने में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने की शिकायत दर्ज कराई है। उसने शिकायत में बताया कि वह किसान है। करीब 6 महीने पहले उसने गांव के ही मुकुल को लोन पर ट्रैक्टर दिलाया था।
लेकिन मुकुल ने एजेंसी वाले को 35 हजार रुपये नहीं दिए। एजेंसी वाले ने अमन को फोन करके पैसे जमा करवाने को कहा। इसके बाद अमन ने मुकुल को पैसे जमा करवाने को कहा। इसके बाद मुकुल ने एजेंसी वाले को फोन करके कहा कि अमन को क्यों बुलाते हो। मैं तुम्हें तुम्हारे पैसे दे दूंगा।
अमन ने बताया कि 30 जून की आधी रात को वह रोहतक से अपने दोस्त की गाड़ी में सवार होकर गांव गया था। इसके बाद वह पैदल-पैदल घर जा रहा था। जब वह घर से करीब 100 मीटर दूर था तो पाक्समा रोड की तरफ से एक स्विफ्ट गाड़ी आई।
जिसमें 4 लोग सवार थे। अमन ने बताया कि गाड़ी सवारों ने जान से मारने की नियत से उस पर करीब 10-12 राउंड फायर किए। गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी। वहीं आरोपी देख लेने व जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी। साथ ही पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व हथियार का लाइसेंस देने की मांग भी की। ताकि फिर से उसके साथ इस तरह की वारदात ना हो।
पुलिस ने बताया कि गांव भालौठ में फायरिंग की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल पर 2 खोल भी मिले हैं। पुलिस ने पीड़ित अमन की शिकायत पर आरोपी मुकूल उर्फ भोलू, विकास उर्फ नारद, अनिल उर्फ छोटू व अन्य के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
