Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में नवविवाहित जोड़े पर अंधाधुंध फायरिंग; दोनों की मौके पर मौत, दो महीने पहले किया था प्रेम विवाह- परिजन थे नाराज

हिसार में आज सोमवार सुबह एक कपल की गोलियों से भूनकर हत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों के शव हांसी के लाला हुकुम चंद जैन पार्क में पड़े हुए मिले। दोनों सुबह पार्क में बैठे हुए थे। करीब साढ़े 9 बजे बाइक पर आए 2 बदमाशों ने 7 राउंड फायरिंग की। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर SP मकसूद अहमद और DSP धीरज कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे।

मृतकों की पहचान नारनौंद के बड़ाला गांव का रहने वाले तेजवीर और हांसी के सुल्तानपुर गांव की रहने वाली मीना के रूप में हुई है। दोनों ने 2 महीने पहले ही शादी की थी। तेजवीर नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता था। SP मकसूद अहमद ने बताया कि दोनों ने 22 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शादी की थी। दोनों आपस में रिश्तेदार थे। परिवार के लोग इस बात से नाराज थे। मौके से 7 खोल बरामद हुए हैं। शरीर पर 4 5 गोलियों के निशान दिख रहे हैं। बाकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चलेगा। CIA की टीमें जांच कर रही हैं। अभी कोई CCTV फुटेज सामने नहीं आया है।

प्राथमिक जांच में यही सामने आया है कि 2 युवक गोलियां मारकर भागते हुए देखा गया है। जो खोल मिले हैं 2 हथियारों के हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि हत्या में 2 हथियारों का इस्तेमाल किया गया है। अभी सिर्फ लड़के के परिवार के लोग आए हैं। लड़की के परिवार के लोगों से पूछताछ के लिए टीम सुल्तानपुर गांव में भेजी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मीना अपने पति तेजबीर के मामा के साले की लड़की है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। 2 महीने पहले दोनों घर से भाग गए थे। इससे मीना के घरवाले काफी नाराज थे। पुलिस को शक है मीना के परिजनों ने ही रिश्तेदारी में बदनामी के डर से ही हत्या करवा दी।

DSP धीरज कुमार ने बताया कि दोनों की डेडबॉडी पार्क में पड़ी हुई थी। मौके से एक चाबी मिली है। देखने में यह बाइक की लग रही है। अभी यह नहीं पता कि वह इनकी ही है या नहीं। परिवार से पूछताछ के बाद वाहन का पता चल पाएगा। पुलिस ने डबल मर्डर के बाद पार्क खाली कर दिया है। पार्क को चारों तरफ से बंद कर दिया है। अंदर किसी को आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version