Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, 2 मिनट में 2 मेडल

जापान के नागोया में चल रहे 2026 एशियन गेम्स में भारत ने शुक्रवार को महज 2 मिनट के अंदर 2 मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। सुबह 9 बजे 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में हरियाणा की सुरुचि और कमलजीत की जोड़ी ने भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। इसके तुरंत बाद 9:02 बजे 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में भारत ने सिल्वर मेडल जीता। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम फाइनल में सुरुचि और कमलजीत ने 484.6 अंक हासिल कर गोल्ड जीता। भारतीय जोड़ी ने साउथ कोरिया को 6.6 अंकों से पीछे छोड़ा, जबकि ईरान ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।वहीं, 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम इवेंट में भारत ने 1762 अंक के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। चीन 1766 अंकों के साथ गोल्ड और साउथ कोरिया 1751 अंकों के साथ ब्रॉन्ज पर रहा।

गोल्ड जीतने वाले कमलजीत हरियाणा के रेवाड़ी के सुलखा गांव के रहने वाले हैं। वे पहले एथलेटिक्स में हिस्सा लेते थे, लेकिन 2019 में चोट के बाद उन्होंने शूटिंग को अपना करियर बनाया। संघर्ष के दौरान परिवार ने उनका लगातार साथ दिया और करीब 2-3 साल की मेहनत के बाद उन्होंने शूटिंग में अपनी पहचान बनाई।वहीं, झज्जर की 20 वर्षीय सुरुचि इंदर सिंह ने 13 साल की उम्र में शूटिंग शुरू की थी। वह भिवानी की गुरु द्रोणाचार्य शूटिंग एकेडमी में ट्रेनिंग लेती हैं।

भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 66-27 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब फाइनल में भारत का सामना ईरान या चीनी ताइपे से होगा। भारतीय टीम अपने एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरेगी।भारत की महिला कबड्डी टीम भी फाइनल में पहुंच चुकी है।

भारत की अनाहत सिंह ने महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में साथी खिलाड़ी तान्वी खन्ना को 3-0 से हराया। सेमीफाइनल में उनका सामना जापान की सातोमी वतनाबे से होगा। वहीं, बॉक्सिंग में सचिन सिवाच ने पुरुषों के 60 किलो वर्ग के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई है। उन्होंने जॉर्डन के मोहम्मद अबू जाजेह को 4-1 से हराया।

डिफेंडिंग चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी पुरुष डबल्स के पहले ही राउंड में बाहर हो गए। भारतीय जोड़ी को थाईलैंड की जोड़ी ने 21-12, 19-21, 21-14 से हराया।हालांकि, तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला ने मिक्स्ड डबल्स में वर्ल्ड नंबर-10 मलेशियाई जोड़ी को हराकर शानदार जीत दर्ज की। फिलहाल भारत 2 गोल्ड समेत 19 मेडल के साथ मेडल टैली में 12वें स्थान पर है। शूटिंग भारत के लिए खास तौर पर मजबूत साबित हुई है और भारतीय निशानेबाज अब तक कई पदक जीत चुके हैं।

Exit mobile version