Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में निर्दलीय MLA का बीजेपी को समर्थन: बोले- अगर सरकार ने किसी वर्ग के लोगों पर लाठियां बरसाई तो जेब में इस्तीफा तैयार रखेंगे

हरियाणा में सोनीपत की गन्नौर सीट से निर्दलीय चुनाव जीते विधायक देवेंद्र कादियान ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को समर्थन देने का ऐलान किया है। इसे लेकर उन्होंने बुधवार को गन्नौर में अपने समर्थकों की बैठक बुलाई। इसमें समर्थकों से राय जानी, तो अधिकतर ने सरकार के साथ जाने की बात कही। देवेंद्र ने मीडिया मे बताया कि अभी उनकी भाजपा के किसी नेता से बात नहीं हुई है। अब समर्थकों ने कहा है तो वह भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली से बात करेंगे। इसके लिए वह दिल्ली जाएंगे, और भाजपा को समर्थन देंगे।

देवेंद्र कादियान के मुताबिक क्षेत्र की जनता ने उन पर भरोसा जताया है। अब वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने बैठक में लोगों से राय जानी कि अब उनका राजनीति में अगला कदम क्या होना चाहिए? इस पर लोगों ने हाथ खड़े कर कहा कि उन्हें सरकार के साथ जाना चाहिए। इससे क्षेत्र में विकास के द्वार खुलेंगे।इसके बाद देवेंद्र कादियान ने ऐलान किया कि वह भाजपा को समर्थन देंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों, कर्मियों या किसी वर्ग के लोगों पर सरकार की ओर से जुल्म या पहले की तरह लाठियां बरसाई गईं तो वह अपना समर्थन तुरंत वापस ले लेंगे। वह अपनी जेब में इस्तीफा तैयार रखेंगे।

देवेंद्र कादियान ने बुधवार को गन्नौर के चिराग गार्डन में अपने समर्थकों की बैठक बुलाई थी। चुनाव से पहले उन्होंने समर्थकों से कहा था कि रिजल्ट के अगले दिन यहां एकत्रित होंगे। यहां उन्होंने अपने वादे के अनुसार सफाई के कार्य के लिए 2 मशीनें देने का ऐलान किया।उन्होंने कहा कि देवा फाउंडेशन की ओर से 90 लाख रुपए कीमत की ये मशीनें लोगों को समर्पित की जाएंगी। एक मशीन आज शाम तक आने की उम्मीद है। जल्द ही इनके फोटो-वीडियो वह जनता से शेयर करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था, लेकिन अब वह लोगों के कहने पर भाजपा का साथ देंगे। कल से शहर की सड़कों पर सफाई के लिए एक ऑटोमैटिक मशीन आएगी।

देवेंद्र कादियान ने गन्नौर विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ते हुए कांग्रेस के उम्मीदवार कुलदीप शर्मा को मात दी है। देवेंद्र को सीट पर कुल 77248 वोट मिले। वहीं, कुलदीप शर्मा 42039 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहे। इस तरह देवेंद्र ने 35209 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले देवेंद्र कादियान ने भाजपा का साथ छोड़ा था। वह करीब 10 साल से क्षेत्र में सक्रिय थे। पार्टी छोड़ने का कारण उन्हें गन्नौर से भाजपा का टिकट न मिलना रहा।देवेंद्र पार्टी से टिकट मांग रहे थे, लेकिन भाजपा ने देवेंद्र कौशिक को अपना उम्मीदवार बना लिया था। इसके बाद देवेंद्र कादियान ने पार्टी छोड़ दी। देवेंद्र ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर पार्टी छोड़ने व निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू भी निकल आए थे।

देवेंद्र कादियान मन्नत ग्रुप होटल्स के चेयरमैन हैं। उन्होंने राजनीति की शरुआत युवा कांग्रेस में की। वह राहुल गांधी के करीबी रहे। युवा कांग्रेस में राष्ट्रीय महासचिव भी रह चुके हैं। 2018 में भूपेंद्र हुड्‌डा से नाराजगी के बाद कांग्रेस छोड़ कर उन्होंने भाजपा जॉइन कर ली थी। तब वह भाजपा में टिकट के प्रबल दावेदार थे, लेकिन भाजपा ने टिकट निर्मल चौधरी को दिया।

देवेंद्र कादियान क्षेत्र में समाजसेवी की छवि रखते हैं। फ्री में एंबुलेंस चला रहे हैं, गरीब युवाओं की शिक्षा में भी सहयोग कर रहे हैं।

Exit mobile version