हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पानीपत के समालखा के भापरा स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाई। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि आज हर भारतवासी के लिए हर्षोल्लास का दिन है। आज हर गली, हर मोहल्ले में तिरंगा है, हर घर हर दफ्तर में तिरंगा है, हर वाहन, हर हाथ में तिरंगा है। पूरा देश तिरंगे के रंगों में रंगा है, देशभक्ति के रंग में रंगा है। आज हमने स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर मैं सभी प्रदेशवासियों को बारम्बार बधाई देता हूं।

सीएम खट्टर ने कहा कि मैं इस पावन अवसर पर स्वतंत्रता की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि देता हूं। साथ ही, उन वीर सैनिकों को भी सलाम करता हूं, जिन्होंने आजादी के बाद देश की एकता व अखण्डता की खातिर अपने प्राण न्योछावर कर दिए। सन 1857 की क्रांति सबसे पहले अम्बाला छावनी से शुरू हुई थी। यहां से उठी चिंगारी ने न केवल प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का रूप धारण कर ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन का अंत किया, बल्कि आगे चलकर ऐसा जन-आन्दोलन खड़ा कर दिया, जिसके बलबूते पर हम सन 1947 में अंग्रेजी हुकूमत को उखाड़ फेंकने में सफल रहे।
सीएम ने कहा कि सन 1857 की क्रांति के दौरान प्रदेश का हर गांव क्रांति का केन्द्र बन गया था। भिवानी का रोहणात गांव, हांसी की लाल सड़क, झज्जर की लाल डिग्गी, महम का आजाद चौक और नसीबपुर व तावडू की लड़ाई अंग्रेजी हुकूमत के जुल्मो-सितम के खिलाफ हरियाणावासियों के संघर्ष और बलिदान के साक्षी है।
दूसरी ओर, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने शिवाजी स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। दोनों समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की फाइनल रिहर्सल शनिवार और रविवार को स्टेडियम के मैदान में की गई। जिसका डीसी सुशील सारवान ने अवलोकन किया और उन्होंने समारोह को भव्य बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
