Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक PGI में रोगी परिचारक प्रतीक्षा केंद्र का उद्घाटन:तीमारदारों को मिलेगी सुविधा, कर्मचारी दंपती के बच्चों के लिए बाल सदन शुरू

रोहतक में स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (PGI) के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने मरीजों के परिजनों के लिए रोगी परिचारक प्रतीक्षा केंद्र एवं बाल सदन का मंगलवार को उद्घाटन किया।

निदेशक डॉ. एसके सिंघल ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल और सभी कर्मचारियों को बधाई दी।

कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने कहा कि संस्थान के कर्मचारी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े होने के चलते अपना ज्यादातर समय अस्पताल में व्यतीत करते हैं। आजकल पति और पत्नी दोनों नौकरी में होने के चलते कर्मचारियों के सामने घर पर बच्चों को संभालने की काफी परेशानी आ रही थी।

ऐसे में कर्मचारियों को कार्यस्थल पर अच्छा वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए यह सुविधा शुरू की गई है। संस्थान में नर्सिंग क्षेत्र में अधिकतर महिलाएं होने के चलते अब वे अपने बच्चों को यहां नौकरी के समय में देखभाल के लिए छोड़कर अपने कार्य को अधिक लग्न के साथ कर सकती हैं

डॉ. एचके अग्रवाल ने बताया कि शुरुआत में इसका समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया है। बच्चों के स्वास्थ्य को मद्देनजर सभी चार कमरों में गर्म और ठंडी हवा देने वाले एसी लगवाए गए हैं। कमरों के बाहर बहुत अच्छा पार्क भी स्थापित कराया गया है।

वहीं मरीजों के परिजनों (तीमारदार) को दिन में बैठने और रात में रुकने के लिए 57.56 लाख की लागत से 2143 स्क्वायर मीटर में रोगी परिचारक प्रतीक्षा केंद्र का भी उद्घाटन किया गया है ताकि उन्हें रात को रुकने में कोई परेशानी नहीं आए।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने कहा कि यह बाल सदन शुरू करके कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने सालों से चली आ रही कर्मचारियों की जरूरी मांग को पूरा कर दिया है। बाल सदन में एक टीचर, 2 केयर टेकर और 1 स्वीपर जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा रखा गया है।

पीजीआईएमएस की एएनएस हनीप्रभा ने बताया कि उनके पति रितूराज भी नौकरी करते हैं। ऐसे में उन्हें अपने बेटे को किसी के पास छोड़ना पड़ता था। बाल सदन के शुरू होने पर उन्होंने अपने बेटे ग्रंथ का रजिस्ट्रेशन सबसे पहले करवाया है। ताकि वे चिंता मुक्त होकर अपनी ड्यूटी कर सकें।

Exit mobile version