रेवाड़ी जिले के कस्बा बावल में एक शहीद की प्रतिमा को अज्ञात व्यक्ति ने क्षतिग्रस्त करते हुए ईंट मारकर गर्दन तोड़ दी। समाधि स्थल पर ही टाइल वाली ईंट भी पड़ी मिली। बावल थाना पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बावल के मौहल्ला जटवाड़ा निवासी भगतराम सीआरएफ में कार्यरत थे। 2002 में वह जम्मू-कश्मीर में शहीद हो गए थे। शहीद के पौत्र भूपेश ने बताया कि उन्होंने अपने दादा भगतराम की याद में उनकी प्रतिमा झाबुआ रोड पर लगवाई हुई है।
भूपेश ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह समाधि स्थल पर सफाई करने पहुंचा तो प्रतिमा से गर्दन अलग पड़ी मिली। पास में एक टाइल वाली ईंट पड़ी थी, जिसे मारकर ही प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया। उसने इसकी सूचना परिवार को दी। सूचना के बाद शहीद के परिवार के लोगों के अलावा काफी भीड़ पहुंच गई।
लोगों में प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने से भारी रोष है। बावल थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे है, जिससे वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पकड़ा जा सके।
