राजधानी दिल्ली में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने सख्ती बढ़ा दी है। दरअसल, इसके मद्देनजर दिल्ली के कालका जी मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद कर दिया गया है। डीडीएमए द्वारा जारी निर्देशों के चलते मंदिर प्रशासन ने यह फैसला लिया है। मालूम हो कि इससे पहले महाराष्ट्र में भी बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर साई बाबा मंदिर में रात के दर्शन भक्तों के लिए बंद कर दिए गए थे।
दिल्ली में कोरोना के मामले और संक्रमण दर बढ़ने के की वजह से जीआरपीए का लेवल 1 यानि येलो एलर्ट लागू है, जिसके तहत धार्मिक स्थल तो खुले रहेंगे, लेकिन श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित है। इसके तहत ही कालका जी मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद करने का फैसला लिया है। कालकाजी मंदिर के पुजारी ने कहा, ‘हम दिल्ली सरकार से अनुरोध करते हैं कि भक्तों को मूर्ति को बाहर से देखने दें।
नए साल के अवसर पर भक्त पूजा करने के लिए आते हैं। अगर दिल्ली सरकार सार्वजनिक मॉल खोल सकती है तो भक्तों के लिए मंदिर भी खुले रह सकते हैं। राजधानी में कोरोना के खतरे को देखते हुए बुधवार को डीडीएमए की मीटिंग हुई थी। कोविड संक्रमण की स्थिति को देखते हुए राजधानी दिल्ली में अभी येलो अलर्ट जारी रहेगा।
