Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में स्नैचिंग के बढ़ते मामलों को देखते हुए SP ने लिया संज्ञान, आमजन के बीच उपस्थिति व सुनसान एरिया में गश्त बढ़ाने के निर्देश

रोहतक में बढ़ रही स्नैचिंग की वारदातों को लेकर SP उदय सिंह मीना भी सख्त हो गए है। पिछले दिनों से लगातार स्नैचिंग की वारदात सामने आ रही हैं। खासकर बाइक सवार युवक मोबाइल व गहने छीनकर फरार हो जाते हैं। ये वारदात पुलिस के लिए भी सिरदर्द बनती हैं। वहीं लोगों को भी नुकसान झेलना पड़ता है।

एसपी उदय सिंह मीना ने सभी थाना व चौकी प्रभारी को अपने-अपने एरिया में लगातार गश्त करने, वारदातों को जल्द से जल्द हल करके अपराधियों को पकड़ने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इस तरह की वारदातें आगे ना हो इसके लिए सख्त कदम उठाए जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा ज्यादातर वारदातों को हल कर लिया गया है या आरोपियों की पहचान कर ली गई है। वहीं काफी वारदात अभी भी अनट्रेस हैं।

एसपी ने कहा कि इन वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस द्वारा आमजन के बीच पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई गई है। ERV/PCR/राइडर लगातार गश्त कर रही है। आपराधिक वारदात होने के संभावित स्थानों, सुनसान स्थानों, भीड-भाड़ वाले एरिया में विशेष प्लान के तहत ईआरवी/पीसीआर/राइडर की गश्त लगाई गई है।

पहला मामला : 22 फरवरी को माडौदी जाटान निवासी मोहित आईडीसी एरिया में जा रहा था। जब वह गद्दी खेड़ी रोड़ के पास पहुंचा तो स्कूटी सवार तीन युवक उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने वारदात में शामिल रहे तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है। जिसमें से एक आरोपी गांव बहु अकबरपुर निवासी रविन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरा मामला : 22 फरवरी को जनता कालोनी निवासी कमला देवी अपनी सहेली के साथ स्कूटी पर सवार होकर स्कूल जा रही थी। रास्ते में स्कूटी सवार युवकों ने कमला देवी से सोने की चैन छीनकर फरार हो गए। इस वारदात में शामिल रहे दोनों आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जो अन्य वारदात में जेल में बंद हैं। उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर हासिल करके जांच की जाएगी।

तीसरा मामला : एक मार्च को हिसार बाईपास स्थित सैनिक कॉलोनी में एक युवक से कुछ युवकों ने मोबाइल फोन लूटने का प्रयास किया। युवक ने विरोध किया तो अज्ञात युवकों ने चाकू मारकर युवक की हत्या कर दी तथा उसका साथी भी घायल कर दिया। पुलिस ने इस वारदात में शामिल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version