हरियाणा की सिरसा में पुलिस ने नाबालिग बच्चों को वाहन देने वाले पैरेंट्स पर सख्ती कर दी है। ट्रैफिक पुलिस अब नाबालिग बच्चों के साथ उनके अभिभावकों पर भी FIR दर्ज करेगी। पुलिस का कहना है कि अगर नाबालिग ने कोई एक्सीडेंट किया तो उनके साथ-साथ उनके माता-पिता का नाम भी एफआईआर में लिखा जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि आए दिन शहर और ग्रामीण इलाकों में नाबालिग बच्चे स्कूटी, बाइक और कार तक चलाते हुए नजर आते हैं। ट्रैफिक नियमों की पूरी जानकारी नहीं होने से इन बच्चों से दुर्घटनाएं भी हो जाती है। जिसकी वजह से लोगों को जान का खतरा है और किसी दिन कोई बड़ी सड़क दुर्घटना हो सकती है।
खबरों की मानें, तो पुलिस का कहना है कि नाबालिग बच्चों के हाथों में खुद माता-पिता ही वाहन थमा रहे हैं। स्कूल और कोचिंग पर जाने के लिए स्कूली छात्र, बाइक और कार तक चलाते हैं। जबकि कानून के अनुसार 18 साल की उम्र के बाद ही वाहन चलाने की परमिशन है। मगर इसके बावजूद 13 साल तक के बच्चों को भी तेजी से वाहन दौड़ते हुए सड़कों पर देखा जा सकता है।
