गीता जयंती महोत्सव के प्रथम दिन के सांयकालीन सत्र में प्रख्यात भजन गायिका प्रियंका चौधरी ने देशभक्ति व बाबा श्याम के भजनों से दर्शकों को घंटो झूमने पर मजबूर किया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग की अनुबंधित सांस्कृतिक मंडलियों ने कृष्ण लीला के अलावा हरियाणा की समृद्घ संस्कृति की झलक बिखेरती भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।


गीता जयंती महोत्सव के प्रथम दिन के सांयकालीन सत्र में स्थानीय पंडित श्रीराम शर्मा रंगशाला भक्तिरस में सराबोर नजर आई। कार्यक्रम के मुख्यातिथ राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि गीता में मन के द्वंदो को दर्शाया गया है। मोह के एक सौ रूप है तथा शरीर में 7 आध्यात्मिक चक्र है, 5 ज्ञानंद्रिया, 5 कर्मेंद्रियां व 11वां मन है। उन्होंने कहा कि यदि हम इन 11 पर काबू रखें तो यही एकादशी के व्रत के सम्मान है। उन्होंने महाभारत के सभी पात्रों का विस्तृत वर्णन भी दिया। उन्होंने कहा कि गीता में कहा गया है कि सुख-दुख में व्यक्ति विचलित न हो। प्राणी से प्रेम करने का संदेश भी दिया गया है। श्रीकृष्ण आत्मा का रूप है। गीता सत्य व सनातन की बात करती है तथा सभी धर्म ग्रंथों का एक ही उपदेश है। धर्म कभी कमजोर नहीं होता। किसी की परछाई से कोई व्यक्ति अपवित्र नहीं होता है। देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने के लिए वर्तमान समय में गीता के ज्ञान की बहुत जरूरत है और गीता का सार वर्तमान समय में प्रासंगिक है। गीता में निस्वार्थ भाव से कर्म करने का संदेश दिया गया है। ज्ञान के समान विश्व में कोई अन्य वस्तु नहीं है। अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल ने राज्यसभा सांसद को गीता की पुस्तक व स्मृतिचिन्ह भेंट किया।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश की कलाकार प्रियंका चौधरी ने जैसे ही माइक संभाला तो दर्शक लगातार झूमते रहे। प्रियंका चौधरी ने सरस्वति वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अब जीत और हार यहीं है, गीता का सार यहीं है, कर कमल भले इंसान, जैसे कर्म करेगा वैसे फल देंगे भगवान के माध्यम से गीता के सार को सुरीली आवाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने लंका दहन के विषय में हनुमान के संवाद की भी शानदार प्रस्तुति दी। नर्सी का भात के किस्से की रागनी के माध्यम से गायिका ने भगवान श्रीकृष्ण की लीला का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान अपने भक्त की हर मुसीबत में मदद करते है। उन्होंने शहीदे आजम भगत सिंह तथा उनकी माँ के संवाद की प्रस्तुति के दौरान माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मेरी होगी दुल्हन आजादी की प्रस्तुति से प्रियंका चौधरी ने शहीदे आजम भगत सिंह की देशभक्ति और देश को आजाद करवाने की लग्न को प्रस्तुत किया। उन्होंने भगवान शंकर, राधेश्याम के भजन भी प्रस्तुत किये। उन्होंने कैलाश पर्वत पर शंकर और बृज में राधेश्याम, यहां मीरा की पायल बजती, मेरा भारत देश महान प्रस्तुति के माध्यम से देश की समृद्घ संस्कृति का गुणगान किया। उन्होंने समसामयिक विषय राम मंदिर के निर्माण के संदर्भ में कहा कि अगर कीचड़ में कमल खिला देते, कांटो में पुष्प उगा देते तो, अध्योधा क्या, पाकिस्तान में भी राम मंदिर बना देते। उन्होंने भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए सरकार द्वारा की गई पहल का भी विशेष उल्लेख किया।

सांस्कृतिक संध्या में सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग की अनुबंधित सांस्कृतिक मंडलियों नटराज वेलफेयर एसोसिएशन तथा दीपक गौतम की टीम द्वारा भी भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। नटराज वेलफेयर एसोसिएशन के कलाकारों ने शिव स्तुति से शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने देशा में भारत, भारत में हरियाणा समूह नृत्य के माध्यम से हरियाणा की समृद्घ संस्कृति व प्रदेश की उन्नति का वर्णन किया। दीपक गौतम की टीम द्वारा काला-काला कहवे हे गुजरिया-मत काले का हे जिक्र करे, काले रंग पे मोरनी रूदन करे गीत के माध्यम से श्रीकृष्ण की लीलाओं का मनमोहक नृत्य के माध्यम से प्रदर्शन किया। टीम द्वारा राधाकृष्ण संवाद की भी भव्य प्रस्तुति दी गई।


इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल, उपमंडलाधीश राकेश कुमार सैनी, नगराधीश मोहित मेहराना, बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता ऐके यादव, कार्यकारी अभियंता मेहताब सिंह के अलावा भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय बंसल, बीर सिंह हुड्डा, पार्षद सुरेश किराड़, सुखबीर चंदौलिया, कुलविंद्र सिक्का, राजीव भाकर, सरोज हुड्डा, उपजिला शिक्षा अधिकारी आशा दहिया, प्राचार्या रेनू खत्री के अलावा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा शहर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!