सोनीपत के गोहाना में 12वीं के बोर्ड एग्जाम में आज सरपंच के पारिवारिक सदस्य को नकल कराते देखा गया। गोहाना के गांव महमूदपुर में बने सेंटर के बाहर सरपंच के भांजे के लिए पर्चियां बनाई गईं। इसके बाद युवकों से पर्चियां स्कूल के अंदर फिंकवाई गईं।
बड़ी बात यह है कि स्कूल में नकल पर नकेल कसने के लिए तैनात किया गया पुलिसकर्मी भी इनके साथ खड़ा दिखा। नकल कराने आए युवकों ने पुलिसकर्मी को बातों में उलझाए रखा, और सरपंच के परिजन के सहयोगी पर्चियां बनाकर स्कूल में फेंकते रहे। इस घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं। हालांकि, अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि खंदराई गांव के सरपंच के परिवार से एक सदस्य नकल कराने के लिए सेंटर पर पहुंचा था। उसके साथ 3 अन्य युवक थे, जिन्होंने पर्चियां बनाईं और स्कूल में फेंकीं। सरपंच का भांजा महमूदपुर के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बनाए सेंटर के रूम नंबर 4 में पेपर लिख रहा था। उस तक युवकों ने आराम से पर्चियां पहुंचाईं।हालांकि, नकल की गतिविधि रोकने के लिए टीचर ने मना किया तो सरपंच के परिजन ने सुपरिटेंडेंट का दबाव बनाकर उसे चुप करा दिया। इसके अलावा पुलिसकर्मी भी उसके साथ था तो टीचर कुछ कर नहीं सका।
हरियाणा में 12वीं बोर्ड का आज भूगोल का पेपर था। दोपहर साढ़े 12 बजे शुरू हुआ पेपर साढ़े 3 बजे संपन्न हुआ। इसमें 41 हजार 533 विद्यार्थियों शामिल हुए। इनके अलावा डीएलएड (रि-अपीयर/मर्सी चांस) वालों की अनुभूति, सीखना और सामाजिक-सांस्कृतिक संदर्भ विषय की परीक्षा थी, जिसमें 480 छात्र-अध्यापक बैठे।
वहीं, अब तक संचालित हुई परीक्षाओं में नकल के 527 मामले दर्ज हो चुके हैं। शनिवार को हुई 12वीं के सैनिक विज्ञान/नृत्य/मनोविज्ञान और संस्कृत व्याकरण भाग-1 (आर्ष पद्धति गुरूकुल/परम्परागत संस्कृत विद्यापीठ) एवं डीएलएड (रि-अपीयर/मर्सी चांस) की परीक्षा में नकल के 5 मामले दर्ज हुए थे। इसके अलावा, रा.व.मा.वि.धारूहेड़ा-1 के परीक्षा केंद्र से प्रमुख केंद्र अधीक्षक, केंद्र अधीक्षक एवं उप-केंद्र अधीक्षक परीक्षा ड्यूटी से कार्यभार मुक्त किया गया था।
शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं की मार्किंग की तैयारी चल रही है। ड्यूटी लगा दी है, और मार्किंग सेंटर बना दिए हैं। 2 अप्रैल से मार्किंग की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रयास रहेगा कि मार्किंग जल्दी पूरी हो। ऑनलाइन मार्किंग का कोई भी विकल्प नहीं दिया गया है।
बोर्ड चेयरमैन ने कहा कि पूरी मार्किंग फिजिकल रूप में होगी। सेंटर पर ऑब्जर्वर भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि रिजल्ट के लिए परीक्षा से 45 दिन का समय लेकर चलते हैं। अब तक शिक्षा बोर्ड की ओर से डेढ़ महीने तक रिजल्ट घोषित कर दिया जाता है। प्रयास रहेगा कि 15 मई तक रिजल्ट घोषित कर दिया जाए। बता दें कि हरियाणा में कक्षा 12 की परीक्षाएं 27 फरवरी और कक्षा 10 की परीक्षाएं 28 फरवरी से शुरू हुई थीं। कक्षा 10 की परीक्षाएं 19 मार्च को समाप्त हो चुकी हैं। वहीं, कक्षा 12 की अंतिम परीक्षा 29 मार्च को होगी।
