Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में पूर्व सरपंच-बेटा-बहू पर घर में घुसकर हमला:दरवाजे-खिड़कियों के शीशे, गमले और कुर्सियां तोड़ी; 2 भाइयों समेत 10 पर FIR

सोनीपत के गांव पतला के रहने वाले अजीत सिंह ने कुंडली थाना में दी शिकायत में बताया कि वह गांव का पूर्व सरपंच है। पांच फरवरी को दोपहर बाद वह अपने घर की गैलरी मे बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान गेट खोल कर अरूण व इसका भाई टिंकू अपने 8-10 साथियों के साथ हाथों में डंडे व बिट्टे लेकर अंदर घुस आये।

पूर्व सरपंच ने बताया कि अरूण ने अपने हाथ मे लिए हुये डंडे से उसके कन्धे पर चोट मारी। तभी उसके भाई टिन्कू ने मेरी कोहनी व हाथ पर डंडे से प्रहार किया। उसकी पुत्रवधु बचाव मे आई तो उसके साथ भी मारपीट की और थप्पड़ मारे। अंदर से निकले उसके बेटे को भी डंडे से चोटें मारी। उसने मुश्किल से खुद, बेटे व पुत्रवधु के साथ कमरे में बंद करके अपनी जान बचाई।

पूर्व सरपंच ने बताया कि इसके बाद इन हमलावरों ने उसके घर की खिड़की व दरवाजों के शीशे तोड़ डाले। गैलरी मे रखी चार कुर्सियां और गमले भी तोड़ दिये। हमलावरों ने धमकी दी कि अब उनके पिताजी की तरफ आंख उठाकर देखा तो जान से मार देंगे। फिर ये सभी अन्य ग्रामीणों को आता देखकर मौके से फरार हो गए।

थाना कुंडली के IO संजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव पतला में ब्रजेश पुत्र अजीत सिंह के मकान में 8-10 युवकों ने घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ की है। वह मौके पर पहुंचे तो परिवार के लोग इलाज के लिए अस्पताल गए हुए थे। बाद में अजीत ने वारदात को लेकर शिकायत दी। पुलिस ने अरूण, टिंकू व अन्य के खिलाफ धारा 148,149, 323,452, 506 IPC में केस दर्ज किया है।

Exit mobile version