Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भतीजे के साथ स्कूटी पर जा रहे ट्रांसपोर्टर की गोली मार कर हत्या: कार सवारों ने बहाने से रुकवाया, नीचे उतरकर की फायरिंग

हरियाणा के सोनीपत में बीती रात को एक ट्रांसपोर्टर की गोली मार कर हत्या कर दी गई। वारदात के समय वह अपने भतीजे के साथ नरेला खाना लेने जा रहा था। इसी बीच कार में सवार युवकों ने उनसे गाली गलौज की और यह कह कर गोली मार दी कि हम बनाते हैं तुझे बड़ा ट्रांसपोर्टर। थाना कुंडली में पुलिस ने 3 लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव का अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया।

सोनीपत में दिल्ली बॉर्डर से सटे बाजिदपुर सबौली गांव के रहने वाले हरीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रविवार रात को अपने चाचा अमरजीत उर्फ मोनू निवासी सबौली के साथ अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर नरेला दिल्ली में खाना लेने जा रहे थे। जब वे जहाज वाली कोठी मुख्तयार के मकान के सामने पहुंचे तो नरेला सबौली रोड पर एक कार HR-10 AD-1045 (I20) सफेद रंग रोड पर नाथुपुर की तरफ मुंह किए खड़ी थी।

हरीश के अनुसार इसकी ड्राइवर सीट पर उनके गांव का गोलू बैठा था। उसके साइड सीट पर सीटू का दोस्त बैठा था और पीछे वाली सीट पर गोलू के पीछे उनके गांव का आशीष उर्फ बाली बैठा था। साथ में मुकेश उर्फ सीटू निवासी लडरावण जिला झज्जर था। उसने बताया कि गोलू ने आवाज देकर उनको रुकवाया।

हरीश ने बताया कि वह स्कूटी चला रहा था और चाचा अमरजीत पीछे बैठा था। गोलू व अमरजीत का ट्रासपोर्ट का काम है। गोलू ने उनको कहा कि तू मेरे काम में ज्यादा दखलअंदाजी देता है। मैने तुझे पहले भी समझाया था। तू अकेला ट्रांसपोर्टर बनना चाहता है। इस पर कार में बैठे चारों व्यक्ति उसको चाचा को गाली देने लगे और देख लेने की बात की। वे इसके बाद वापस मुड़ कर जाने लगे तो गोलू ने कहा कि सीटू मार गोली।

सीटू ने इसके बाद कार से नीचे उत्तर कर अपने हाथ में लिए पिस्तौल से जान से मारने की नीयत से लगातार 3 फायर किए। एक गोली उसके कान के पास से गई। वह बाल – बाल बचा। उसके चाचा अमरजीत को एक गोली दाहिनी तरफ पीछे से कंधे के नीचे कमर में लगी। इस दौरान हमलावर चिल्ला रहे थे कि तुम्हें बनाते हैं बड़ा ट्रांसपोर्टर। हरीश ने बताया कि वह गांव के मोहित की मदद से गाेली लगने से घायल चाचा अमरजीत को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। वहां पर डॉक्टरों ने चाचा को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

थाना कुंडली के एसएचओ इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह के अनुसार वे रात को पुलिस टीम के साथ गश्त के दौरान जीटी रोड पर गांव रसोई में मौजूद था। इसी बीच उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर सरपंच सुनील कटारिया गांव सबौली ने सूचना दी की उनके गांव सबौली में प्रदीप चेयरमैन के घर के पास एक लड़के को गोली मारी गई है। वे मौके पर पहुंचे तो चेयरमैन प्रदीप हाजिर मिला। उसने बताया कि जिस लड़के को गोली लगी है, उसे अस्पताल ले गए हैं।

पुलिस सोनीपत के अस्पताल में पहुंची। वहां हरीश मिला और उसने चाचा अमरजीत के मर्डर काे लेकर जानकारी दी। पुलिस ने गोलू, आशीष व मुकेश के खिलाफ धारा 302, 307, 34 IPC व शस्त्र अधिनियम 25.54.59 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास हो रहे हैं।

Exit mobile version