हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के सुबाथू छावनी से सटी शडियाना पंचायत के ओल्गी गांव में एक 20 वर्षीय युवती ने बुधवार शाम को पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है क्योंकि युवती ने यह कदम फेसबुक पर लाइव होकर उठाया। आत्महत्या करने से पहले युवती ने अपने फेसबुक लाइव में कहा कि इस कदम के लिए किसी का भी कोई दोष नहीं है।

जानकारी के अनुसार जिस समय युवती ने आत्महत्या की, उस दाैरान उसकी मां और एक भाई सुबाथू बाजार गए हुए थे। युवती के पिता बद्दी में वाहन चालक हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। परिवार में कुल चार भाई-बहन हैं। घर में मां के अलावा एक बहन और एक भाई साथ रहते हैं। दूसरा भाई बद्दी में एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। युवती की एक बहन मानसिक रूप से बीमार है और लंबे समय से बिस्तर पर है।

युवती द्वारा आत्महत्या की खबर तेजी से फैली। इस दौरान सुबाथू बाजार में मौजूद युवती की मां और भाई को स्थानीय व्यापारियों ने देखा। उनके हाव-भाव से व्यापारियों को आभास हो गया कि उन्हें अभी तक इस दुखद घटना की जानकारी नहीं है। एक व्यापारी ने उन्हें तुरंत घर जाने को कहा। पहले तो महिला ने सामान खरीदने की बात कही, लेकिन व्यापारी ने जोर देकर उन्हें पहले घर जाने को कहा, जिसके बाद वे अपने बेटे के साथ घर लौट गई।

बताया जा रहा है कि युवती की आत्महत्या का फेसबुक लाइव वीडियो एक घंटे से अधिक समय तक चलता रहा। दुखद बात यह है कि आत्महत्या के बाद भी शव करीब एक घंटे तक पंखे से लटका रहा। सूत्रों के अनुसार, युवती की मां का फोन बंद होने के कारण उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं मिल पाई।

डीएसपी परवाणू मेहर पंवार ने बताया कि युवती की आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!