रोहतक जिले के सांपला में एक युवक से मोटर साइकिल छीनने का मामला सामने आया है। छीना झपटी उस समय हुई, जब पीड़ित अपने दोस्त को मोटर साइकिल पर उसके घर छोड़ने के लिए जा रहा था। बीच रास्ते में दोनों दोस्त बात करने लगे तो दो युवक आए और हाथापाई करते हुए मोटर साइकिल छीनकर फरार हो गए।
सांपला के वार्ड नंबर-13 निवासी नरेश उर्फ पिंटू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार को अपनी मोटर साइकिल पर अपने दोस्त रोहित को छोड़ने के लिए जा रहा था। जब दोस्त के घर जा रहा था तो गली के एक कोने पर दोनों खड़े होकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन की तरफ से दो युवक वहां पर आए।
उक्त युवकों ने अपने मुंह को कपड़े से ढांप रखा था। नरेश ने बताया कि उक्त युवकों ने आते ही सिर पर वार किया। वे नरेश के साथ हाथापाई करने लगे। हाथापाई करते हुए उसका मोटर साइकिल छीनकर फरार हो गए। उक्त युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे चकमा देकर घटनास्थल से मोटर साइकिल लेकर फरार हो गए।
शनिवार शाम को इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित के साथ मोटर साइकिल छीनने वालों की तलाश आरंभ कर दी। वहीं दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई की जा रही है, लेकिन आरोपी अभी भी पकड़ से बाहर हैं।

