रोहतक में तब बवाल हो गया जब रिश्ते में चाची लगने वालीं महिला को एक युवक ने भाभी बोल दिया। जब महिला के पति ने भाभी कहने से रोका तो आरोपी युवक झगड़ा करने लगा और पति के सामने ही महिला के साथ अश्लील हरकत और मारपीट की।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति मेहनत मजदूरी करता है। 5-6 दिन पहले गांव के ही एक युवक उनके घर पर आया। वह युवक उसे भाभी कहकर बुला रहा था। जबकि वह नाते में चाची लगती है। इस बात पर उसके पति ने उसे भाभी कहने से मना कर दिया और कहा कि चाची लगती है तो चाची ही बोलना।
महिला ने कहा कि इस पर आरोपी युवक नहीं माना। जब भाभी कहने पर ऐतराज किया तो पति के साथ झगड़ा करने लगा। नौबत यहां तक पहुंच गई की आरोपी ने गला पकड़कर धमकाते हुए कहा कि वह भाभी ही कहेगा। ज्यादा कुछ बोले तो जान से मार दूंगा। उसकी बदमाशों से दोस्ती है और घर से उठवा दूंगा। हालांकि उस समय आरोपी धमकी देकर चला गया।
इसके बाद आरोपी अपने साथ 5-6 लोगों को लेकर उनके घर में घुस आया। मुख्य आरोपी ने महिला के साथ अश्लील हरकत की। वहीं अन्य आरोपियों ने उसके पति के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। जिसके कारण उन्हें चोटें आई। जब उन्होंने बचने के लिए आवाज लगाई तो लोगों को आता देखकर आरोपी वहां से भाग गए।
आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं घायल को उपचार के लिए पीएचसी लाखन माजरा में लेकर गए। जहां से उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

