रोहतक में पूर्व फौजी सहित दो लोगों को के साथ ठगी का मामला सामने आया है। पहले मामले में पूर्व फौजी से ठग ने यूनिट का साथी बनकर बात की और अकाउंट में रुपए डालने के लिए कहा। जिसके बाद उसे बातों में उलझाकर धोखाधड़ी करके रुपए ठग लिए। वहीं दूसरे मामले में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी।
पहला मामला: यूनिट का जवान बनकर पूर्व फौजी को फंसाया
रोहतक के सुनारिया रोड स्थित श्रीराम नगर निवासी राजबीर ने बताया कि वे आर्मी से सेवानिवृत्त हैं। 25 अप्रैल को वे घर पर थे। इसी दौरान शाम को उनके फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह यूनिट से राकेश बोल रहा है। आरोपी ने कहा कि वह खाते में 20 हजार रुपए डलवा रहा है। एक बार खाते को चेक कर लें।
78932 रुपए ठगे
जब उन्होंने अपना SBI बैंक का खाता चेक किया तो अकाउंट में पैसे नहीं आए थे। इसके बाद सामने वाले ने फोन पे से 78 हजार 932 रुपए डालने की बात कही। जब अकाउंट से पैसे कटने का मैसेज आया तो धोखाधड़ी का पता लगा। पूर्व फौजी से धोखाधड़ी करके 78932 रुपए ठग लिए।
दूसरा मामला: लोन के पैसे आए थे खाते में
कलानौर के वार्ड नंबर चार निवासी शेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी सुनीता ने उज्जीवन बैंक रोहतक से 56 हजार रुपए का लोन लिया हुआ था। जो पैसे अकाउंट में थे। 25 अप्रैल को शेरसिंह अपनी बेटी सुमन के साथ गया और ATM से पैसे निकालने लगा। उन्होंने पहले 5 हजार फिर 10 हजार व 5 हजार निकालकर कुल 20 हजार रुपए की ट्रांजेक्शन की।
35998 रुपए की ठगी
उन्होंने बताया कि वहां पर एक अज्ञात युवक मौजूद था। जिसने बातों में फंसाकर एटीएम बदल लिया। इसके बाद 34 हजार 999 व 999 रुपए खाते से निकाले गए हैं। जब वे अपने खाते से और पैसे निकालने गए तो इस ठगी का पता लगा। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

