रोहतक में शराब पीए दो युवकों ने अंडा भूजी का ऑर्डर दस मिनट लेट होने पर दुकानदार व नौकर को अपने अन्य साथियों संग मिलकर बेरहमी से पीटा है। मुख्य आरोपी खुद को फूड इंस्पेक्टर बताकर जान से मारने की धमकी देकर भी गए हैं।
पिटाई से घायल दुकानदार आईसीयू में भर्ती है। पीड़ित के पिता का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को जानबूझकर नहीं पकड़ रही। आरोपी अब भी दुकान के पास ठेके पर खुलेआम शराब पीने आ रहे हैं। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। बड़ी मुश्किल से आरोपियों पर केस दर्ज किया है, लेकिन गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है।
रोहतक के सेक्टर-एक निवासी संदीप ने बताया है कि उसकी सेक्टर-तीन में स्केच मॉल के पास कन्फेक्शनरी की दुकान है। पास में ही शराब के ठेके पर आए नवनीत हुड्डा व एक अन्य युवक ने शराब पीने के बाद उनकी दुकान पर अंडा भूजी का ऑर्डर दे दिया। ग्राहक ज्यादा होने की वजह से उनका ऑर्डर दस मिनट लेट हो गया।
इस पर नवनीत हुड्डा नाम के युवक ने दुकान के नौकर बहादुर को गले से पकड़कर ऊपर ऊपर उठा दिया और कहा कि मैं फूड स्पलाई इंस्पेक्टर हूं, तुम्हारी दुकान व स्टॉल बंद करा दूंगा। बीच-बचाव करने दोनों युवक वहां से चले गए, लेकिन जैसे ही नौकर दुकान बंद करके जाने लगा तो आरोपी अपने तीन-चार साथियों संग कार से आए और नौकर को कार की टक्कर मारने के बाद उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की। विफल होने पर उसके साथ मारपीट करने लगे।
शिकायतकर्ता संदीप ने बताया कि दुकान का मालिक होने के नाते उन्होंने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उसने मारपीट शुरू कर दी। काफी देर तक उन्हें सड़क पर गिराकर लात-घूसों से पीटा। मौके पर आए आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से बचाया। मारपीट में उन्हें गहरी चोट आई हैं और अब वह आईसीयू में भर्ती हैं। पीड़ित के पिता ओम प्रकाश का कहना है कि मारपीट करने वाला मुख्य आरोपी नवनीत हुड्डा व उसका साथी फूड स्पलाई इंस्पेक्टर ही हैं, वह सोनीपत में तैनात हैं, लेकिन शराब पीने यहीं रोहतक में आते है। आरोपियों से उनके बेटे की जान को खतरा है।

