Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में चोरों ने घर का ताला तोड़ लाखों के गहने व कीमती सामान किया चोरी- बाहर गए हुए थे घर के लोग

हरियाणा के रोहतक जिले में एक घर पर चोरों ने धावा बोल दिया। परिवार वाले बाहर गए हुए थे कि पीछे से चोर घुसकर कमरे में रखे बक्से से लाखों के गहने चोरी करके ले गए। वहीं तलाशी के चक्कर में कमरे का सारा सामान तहस-नहस कर दिया। मकान मालिक ने चोरों के खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज कराया है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।

रोहतक के गांव चमारियां निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया है कि 19 जनवरी को वह परिवार सहित एक रिश्तेदारी में गए थे। 20 जनवरी की रात चोर उनके घर में मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर दाखिल हो गए। कमरे का भी ताला तोड़कर सारा सामान तहस-नहस कर दिया। कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें से सोने की अंगूठी, दो बाली, एक चेन, चांदी के तीन गिलास, 30 सिक्के, माला आदि चोरी करके ले गए। घर पहुंचे तो सारा सामान बिखरा हुआ मिला, बक्से को चैक किया तो चोरी का पता चला।

शिकायतकर्ता सुरेंद्र ने बताया कि चोरों ने कमरे में रखी अटैची को पेंचकस की सहायता से तोड़ा। अटैची के एक कोने को ही तोड़कर उसमें रखे सारे सामान को निकाल ले गए। मामले में सदर थाना पुलिस का कहना है कि चोरों पर केस दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

Exit mobile version