रोहतक में कुल 142 पंचायतें हैं, जिनमें सरपंच पद के 836 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनावी मैदान में ताल ठोकने वाले उम्मीदवारों में सबसे अधिक चुनाव चिह्न साइकिल व गिलास मिला है। रोहतक में दूसरे चरण में पंचायती चुनाव होंगे। जिसमें उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न भी आवंटित किए जा चुके हैं। अब उम्मीदवार अपने चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतर रहे हैं। ताकि लोगों तक प्रचार किया जा सके और जीता जा सके।
पंचायती चुनाव में सरपंच पद के उम्मीदवार साइकिल व गिलास के साथ अपनी जीत के लिए मुकाबला करेंगे। वहीं कोई सरपंच प्रत्याशी टोकरी तो कोई घंटी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। असल में यह पंच-सरपंच के उम्मीदवारों के चुनाव निशान हैं।
ब्लॉक समिति सदस्य के उम्मीदवारों में सबसे अधिक ब्लैक बोर्ड चुनाव चिह्न दिए गए हैं। इसके बाद BDC ब्लैक बोर्ड के निशान पर ही प्रचार कर रहे हैं, ताकि अपनी जीत का सफर तय कर पाएं। साथ ही दीवार घड़ी, बरगद का पेड़ व घर के निशान पर चुनाव लड़ रहे हैं। जिले के BDC प्रत्याशी जोर शोर से प्रचार में जुटे हुए हैं।
पंच पद के प्रत्याशी सीढ़ी व फावड़ा लेकर चुनाव मैदान में हैं। जिले में कुल 1837 पंच निर्वाचित होने हैं। इन पदों पर 2498 उम्मीदवारों ने नामांकन किया हुआ है। पंच पद के उम्मीदवारों को पहला निशान सीढ़ी व दूसरा निशान फावड़ा दिया गया है। पंच प्रत्याशी अपने चुनाव चिह्न के साथ डोर-टू-डोर प्रचार पर ध्यान दे रहे हैं।
कोई हवाई जहाज पर तो कोई उगते सूरज पर करेंगे प्रचार जिला परिषद पद के उम्मीवारों की बात करें तो प्रशासन द्वारा 14 वार्डों में ताल ठोकने वाले 105 उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जा चुके हैं। ऐसे में किसी को हवाई जहाज तो किसी को उड़ता पतंग, किसी को सिलेंडर व किसी को उगता सूरज चुनाव चिह्न मिला है। उगते सूरज चुनाव चिह्न सबसे पसंदीदा निशान था। इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि वार्ड पांच के सभी सातों प्रत्याशियों ने उगते सूरज का चुनाव चिह्न लेने के लिए दावा किया था। लेकिन ड्रा के माध्यम से चुनाव चिह्न दिए गए।
जिले में ग्रामीण जनसंख्या 5 लाख 79 हजार 331 है। इनमें से सामान्य जाति 3 लाख 64 हजार 118, अनुसूचित जाति एक लाख 26 हजार 512 तथा पिछड़ा वर्ग 88 हजार 701 है। ग्रामीण क्षेत्र में 4 लाख 58 हजार 319 मतदाता है, जिनमें से 2 लाख 48 हजार 37 पुरुष तथा 2 लाख 10 हजार 278 महिला एवं 4 किन्नर मतदाता है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में 3 गांव कुताना, मताना एवं जलालपुर तथा ग्रामीण क्षेत्र में 5 गांवों मांझा, ताजा माजरा, सोहन माजरा, खरक चुरंगला तथा सराय अहमद बेचिराग गांव है।
जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 9 नवंबर को होगा। जबकि सरपंच व पंच के लिए मतदान 12 नवंबर को होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। अगर जरूरत पड़ी तो जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य के लिए पुन: मतदान 12 नवंबर को और पंच व सरपंच के लिए पुन: मतदान 14 नवंबर को करवाया जाएगा। मतगणना के तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

