रोहतक में एक डॉक्टर की कार को चोर उस वक्त चोरी करके ले गए, जब डॉक्टर अपनी ओपीडी में गया हुआ था। ओपीडी से लौटकर देखा तो पार्किंग से कार गायब थी। इतना ही नहीं डॉक्टर ने रिसेप्शन पर कार की जो चाबी जमा कराई थी, वह भी वहां नहीं मिली। पुलिस अभी तक चोरों का सुराग नहीं लगा सकी है।
रोहतक के आर्यनगर में गुप्ता नर्सिंग होम चलाने वाले डॉ. आशुतोष ने बताया कि वह नर्सिंग होम की पार्किंग में अपनी आई-20 कार को पार्क करके ओपीडी में चले गए। मरीज अधिक होने की वजह से मध्य रात्रि तक वहीं बैठे रहे। रात 12 बजे के बाद काम खत्म करके जब वह घर जाने के लिए पार्किंग में अपनी कार के पास पहुंचे तो वहां कार नहीं थी। कार की जो चाबी उन्होंने नर्सिंग होम के रिसेप्शन पर जमा कराई थी, वह भी वहां नहीं मिली।
डॉ. आशुतोष ने बताया कि चोर रिसेप्शनिस्ट का फोन भी ले गए हैं। मामले में आर्यनगर थाना ने शिकायत के बाद केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की कोई जानकारी हाथ नहीं लग सकी है। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।

