रोहतक के पुराना बाबरा मोहल्ला में मंगलवार को चाकू घोंपकर हुई अभिषेक की हत्या मामले में परिवार वालों ने आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुराना सीआइए चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिवार वालों का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करके जल्द से जल्द फांसी दी जाए। ताकि अभिषेक को न्याय मिल सके। जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम राकेश कुमार व डीएसपी विनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार वालों को समझाने में जुट गए, अधिकारियों के समझाने के बावजूद परिजन आरोपितों की गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं।
हत्या के बाद से परिवार वालों में गुस्सा है। परिजनों के साथ ही आसपास के लोग भी बाबरा मोहल्ला के पुराना सीआईए चौक पर जाम लगाने के लिए पहुंचे। जहां पर अभिषेक का शव रखकर जाम लगाया गया, वह घटनास्थल से चंद कदम ही दूर था। चौक पर ही शव के पास ही मृतक की पत्नी, मां, भाई व बेटा भी विलाप करके न्याय की गुहार लगा रहे थे। वहां से गुजरने वाले सभी की परिवार के प्रति सहानुभूति दिखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राकेश सैनी व डीएसपी विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे।
बाबरा मोहल्ला निवासी कृष्णा ने बताया कि उसका बेटा करीब 36 वर्षीय अभिषेक उर्फ मिंटू मंगलवार सुबह दुकान में सामान लेने के लिए गया था। कुछ ही देर में पता चला कि दुकानदार व अभिषेक का झगड़ा हो गया। पता लगते ही वह खुद भी मौके पर पहुंची। कृष्णा देवी ने आरोप लगाया कि उसकी आंखों के सामने ही दुकानदार व उसके भाई ने मिलकर अभिषेक से झगड़ा कर रहे थे और देखते-ही-देखते अभिषेक को चाकू मार दिया। जिस कारण अभिषेक लहूलुहान होकर गिर गया। अभिषेक को पीजीआई में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
रोहतक डीएसपी ने बताया कि मंगलवार को हुई हत्या मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। जिसमें नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जो भी आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
रोहतक एसडीएम राकेश सैनी ने कहा कि हत्या के बाद परिवार वालों ने जाम लगा दिया था, मृतक पर ही परिवार निर्भर था। वहीं परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। परिवार वालों की मांग थी कि आर्थिक मदद दी जाए, जिस पर जो भी मुनाशिफ होगा उनकी सहायता दी करवाई जाएगी। इसके लिए डीसी को लिखा जाएगा।

