Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पति ने कस्सी मार कर की पत्नी की हत्या- किए 20 से ज्यादा वार; फिर निगल लिया जहरीला पदार्थ, जानें पूरा मामला 

रोहतक के महम चौबीसी के सेमाण गांव में पत्नी के साथ खेत पर गए पति ने कस्सी से काटकर उसकी हत्या कर दी। महिला पर 20 से ज्यादा बार कस्सी से वार किया गया है। जिसके बाद खुद भी कीटनाशक पदार्थ को निगल कर आत्महत्या का प्रयास किया। पता चलने पर अधेड़ को उपचार के लिए महम के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

देर रात पुलिस ने शव को पीजीआई के डेड हाउस में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, जबकि बलवंत की हालत खतरे से बाहर है। अब पुलिस शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई करेगी। अभी किसी तरह का मामला दर्ज नहीं हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार सेमाण गांव निवासी 50 वर्षीय बलवंत अपनी पत्नी रोशनी के साथ शाम करीब 5 बजे खेत में गया था। जो देर रात तक घर वापस नहीं लौटा था। इसी दौरान परिवार के लोगों को पता चला कि बलवंत और उसकी पत्नी के बीच खेत में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद बलवंत ने अपनी पत्नी रोशनी पर कस्सी से कई वार कर दिए। इसमें उसकी पत्नी रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी की मौत के बाद बलवंत ने भी कीटनाशक दवाई निगलकर आत्महत्या का प्रयास किया। पता चलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए महम के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हत्या की सूचना मिलने पर महम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। वहीं अस्पताल में भर्ती बलवंत की हालत खतरे से बाहर है।

बलवंत के परिवार में 4 बच्चे हैं।इसमें तीन बेटी और एक बेटा है। बड़ी बेटी की उम्र करीब 28 साल है और छोटे बेटे की उम्र 10 साल है। बताया जा रहा है चारों बच्चे अपने पिता की बजाए माँ के कहने में रहते थे। इसे लेकर पति पत्नी के बीच झगड़ा होता था। कई बार उसकी पत्नी और बच्चों ने बलवंत के साथ मारपीट की थी।

पुलिस को पता चला है कि बलवंत सीआरपीएफ में सेवारत था। किसी कारण से वह कई साल पहले नौकरी छोड़ कर गांव में ही साझे की खेती करता है। खेत के काम में पत्नी भी हाथ बंटाती थी। शुक्रवार को अपनी पत्नी रोशनी के साथ खेत में गेहूं की फसल पर स्प्रे कर रहा था। काम करते वक्त किसी बात को लेकर दोनों में आपस में कहासुनी हो गई। शक है कि इसके चलते उसकी कस्सी से कई वार करके हत्या कर दी। बलवंत ने अपनी पत्नी रोशनी के शरीर पर करीब 20 वार किए थे। उसके एक हाथ की हथेली बिल्कुल अलग थी।

सेमाण गांव में पति ने अपनी पत्नी की कस्सी से काट कर हत्या की है। जिसके बाद खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। लेकिन परिजनों की तरफ से लिखित में शिकायत नहीं मिली है। शनिवार को लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।.. हेमंत कुमार मीणा, एएसपी महम

Exit mobile version