रोहतक के गांव हसनगढ़ निवासी संदीप ने सांपला थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दी। शिकायत में बताया कि 21 दिसंबर को उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। सामने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया। फोन करने वाले ने कहा कि आपके पास जो ICICI बैंक का क्रेडिट कार्ड है। उस पर कुछ चार्जेबल स्कीम लगी हुई हैं। इनको बंद करवाना पड़ेगा, नहीं तो अकाउंट से पैसे कट जाएंगे।
फोन करने वाले ने कहा कि बैंक के एप से स्वयं ही बंद करना पड़ेगा। वहीं आरोपी ने पीड़ित को अपने झांसे में लिया। इसके बाद आरोपी ने क्रेडिट कार्ड से धोखाधड़ी करके 99 हजार 337 रुपए निकाल लिए। जब इसका पता लगा तो युवक ने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

